छात्र आंदोलन पर संसद में बोलेंगे अमित शाह, पुलिस एक्शन पर चर्चा को तैयार सरकार

Amit Shah: छात्र आंदोलनों और प्रदर्शनकारियों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर संसद में जारी गतिरोध के बीच सरकार ने अपना रुख साफ किया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार छात्रों के आंदोलन और उससे जुड़ी पुलिस कार्रवाई समेत सभी पहलुओं पर संसद में विस्तार से चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष की मांग के मुताबिक गृह मंत्री अमित शाह इस मुद्दे पर सदन में जवाब देंगे।

हर पहलू पर चर्चा के लिए तैयार सरकार

न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार छात्रों के आंदोलन और उससे जुड़ी सभी गतिविधियों पर संसद में नियम और परंपराओं के तहत चर्चा कराने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों से जुड़े मुद्दों और उनकी चिंताओं पर चर्चा से पीछे नहीं हट रही है।

रिजिजू ने विपक्ष से अपील की कि जब गृह मंत्री या सरकार की ओर से इस मुद्दे पर बयान दिया जाए, तब सदन की कार्यवाही बाधित न की जाए।

विपक्ष मांग रहा अमित शाह का जवाब

विपक्षी दल दिल्ली समेत अन्य जगहों पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ कथित पुलिस बल प्रयोग को लेकर गृह मंत्री अमित शाह से संसद में जवाब मांग रहे हैं। इस मांग को लेकर लोकसभा और राज्यसभा में विपक्षी सांसद लगातार हंगामा और नारेबाजी कर रहे हैं। इसके कारण दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार प्रभावित हुई है।

रिजिजू ने कहा कि सरकार चर्चा और जवाब देने के लिए तैयार है। उन्होंने विपक्ष से कहा कि गृह मंत्री के वक्तव्य को शांतिपूर्वक सुना जाए और सदन की कार्यवाही में व्यवधान न डाला जाए। अब सरकार की ओर से अमित शाह के जवाब पर सबकी नजर है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.