फर्जी कॉल वालों की खैर नहीं! TRAI ने शुरू की 1601 नंबर सीरीज, ऐसे पहचान सकेंगे असली कॉल
TRAI new। guidelines: मोबाइल पर आने वाली अनजान कॉल में कौन-सी कॉल असली है और कौन-सी ठगी के लिए की जा रही है, इसे लेकर अक्सर लोग परेशान रहते हैं। गैस, बिजली, कूरियर और पार्सल डिलीवरी के नाम पर होने वाली फर्जी कॉल इसी का एक बड़ा उदाहरण हैं। अब ऐसी कॉल को पहचानना आसान बनाने के लिए भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने नई व्यवस्था लागू की है।
TRAI ने 10 अगस्त 2026 से ‘1601’ नंबर सीरीज के पहले चरण (Phase-I) की शुरुआत की है। इसके तहत पात्र और वैध सेवा प्रदाताओं को 1601 से शुरू होने वाले विशेष नंबर दिए जाएंगे। इससे ग्राहक सामान्य 10 अंकों वाले नंबर और अधिकृत संस्थाओं से आने वाली सेवा संबंधी कॉल में अंतर कर सकेंगे।
किन कंपनियों को मिलेगा 1601 नंबर?
पहले चरण में 1601 नंबर सीरीज के दायरे में मुख्य रूप से यूटिलिटी और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी संस्थाओं को रखा गया है। इनमें बिजली वितरण कंपनियां, जल उपयोगिताएं, सिटी गैस वितरण कंपनियां और LPG वितरण संस्थाएं शामिल हैं।
इसके अलावा कूरियर, एक्सप्रेस लॉजिस्टिक्स और पार्सल डिलीवरी कंपनियां भी इस सीरीज का इस्तेमाल कर सकेंगी। वहीं बैंकिंग, वित्तीय सेवाओं, बीमा (BFSI) और सरकारी संस्थाओं के लिए 1600 नंबर सीरीज पहले की तरह जारी रहेगी।
TRAI ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (TSPs) को पात्र संस्थाओं का माइग्रेशन और ऑनबोर्डिंग पूरा करने के लिए आदेश जारी होने की तारीख से 90 दिनों का समय दिया है।
1601 नंबर उचित सत्यापन के बाद सीधे पात्र संस्थाओं को ही दिए जाएंगे। नंबर आवंटन में बिचौलियों और एग्रीगेटरों को शामिल नहीं किया जाएगा, ताकि इस सीरीज के दुरुपयोग की संभावना कम की जा सके।
1601 नंबर से प्रचारात्मक कॉल नहीं होगी
TRAI की नई व्यवस्था में 1601 नंबर का इस्तेमाल सिर्फ सेवा और लेनदेन से जुड़ी वॉयस कॉल के लिए किया जाएगा। कंपनियां इस नंबर का इस्तेमाल प्रचारात्मक (promotional) कॉल करने के लिए नहीं कर सकेंगी।
इस व्यवस्था का उद्देश्य मोबाइल यूजर्स के लिए वैध सेवा कॉल की पहचान आसान बनाना और वॉयस कम्युनिकेशन में भरोसा बढ़ाना है। हालांकि, केवल 1601 नंबर दिखने को किसी भी बातचीत में निजी या बैंकिंग जानकारी साझा करने की वजह नहीं मानना चाहिए; संदिग्ध कॉल में संबंधित संस्था के आधिकारिक माध्यम से अलग से पुष्टि करना बेहतर रहेगा।
Also Read: UPI Payment पर MDR को लेकर सरकार ने साफ की तस्वीर, आम यूजर से नहीं लिया जाएगा चार्ज

