UP को मिले 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 1810 पदों पर होगी भर्ती, प्रवक्ता से प्रिंसिपल तक नियुक्ति
UP Government Schools: उत्तर प्रदेश में सरकारी स्कूलों में पढ़ाई और रोजगार दोनों के लिहाज से बड़ा विस्तार होने जा रहा है। प्रदेश को 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालय मिले हैं, जहां नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रवेश और पढ़ाई शुरू कराने की तैयारी है।
इन स्कूलों के संचालन के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, प्रवक्ता, सहायक अध्यापक (एलटी) और कनिष्ठ सहायक के कुल 1810 नियमित पद सृजित किए हैं।
1810 पदों पर होगी नियुक्ति
प्रधानमंत्री जनविकास कार्यक्रम के तहत 68 राजकीय इंटर कॉलेज और 58 राजकीय हाईस्कूल तैयार किए गए हैं। इन विद्यालयों में स्वीकृत पदों का विवरण इस तरह है:
- प्रधानाचार्य: 68 पद
- प्रधानाध्यापक: 58 पद
- प्रवक्ता: 680 पद
- सहायक अध्यापक (एलटी): 819 पद
- कनिष्ठ सहायक: 185 पद
अपर मुख्य सचिव माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा के आदेश के मुताबिक, इन पदों में 50 फीसदी सीधी भर्ती और 50 फीसदी पदोन्नति के जरिए भरे जाएंगे। सीधी भर्ती वाले पदों को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के माध्यम से भरे जाने की बात कही गई है।
इन विषयों की होगी पढ़ाई
नए राजकीय इंटर कॉलेजों में हिंदी, अंग्रेजी, इतिहास, कंप्यूटर, नागरिक शास्त्र, अर्थशास्त्र, गणित, सामाजिक विज्ञान, संस्कृत, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान जैसे विषय पढ़ाए जाएंगे।
नए स्कूलों में कक्षा 6 और 9 में 80-80 विद्यार्थियों के प्रवेश की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया जल्द पूरी की जाएगी।
इन विद्यालयों में बलरामपुर के सात, बाराबंकी के तीन, सुल्तानपुर के चार, अमेठी के एक, बहराइच के तीन, अयोध्या के दो और गोंडा के एक विद्यालय समेत सीतापुर, रायबरेली और लखनऊ के विद्यालय भी शामिल हैं।

