UP स्वास्थ्य विभाग में तबादले, वाराणसी-संतकबीर नगर को मिले नए CMO, 8 डॉक्टर बने CMS

UP CMO Transfer: उत्तर प्रदेश में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के स्वास्थ्य विभाग में सोमवार देर रात बड़ा फेरबदल हुआ। शासन ने वाराणसी और संतकबीर नगर में नए मुख्य चिकित्साधिकारियों (CMO) की तैनाती की है। इसके साथ ही आठ चिकित्साधिकारियों को अलग-अलग अस्पतालों का मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) बनाया गया है।

स्वास्थ्य विभाग (UP Health Department) के विशेष सचिव रवि रंजन ने इस संबंध में आदेश जारी किए। प्रादेशिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवा संवर्ग के संयुक्त निदेशक ग्रेड के अधिकारी डॉ. नरेंद्र प्रताप सिंह को वाराणसी का नया CMO बनाया गया है। वह अभी मिर्जापुर मंडल में अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य के संयुक्त निदेशक पद पर तैनात थे। वहीं लखनऊ के वीरांगना अवंतीबाई महिला चिकित्सालय के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ. संजय कुमार दोहरे को संतकबीर नगर का CMO नियुक्त किया गया है।

इन डॉक्टरों को मिली CMS की जिम्मेदारी

  • डॉ. सत्य प्रकाश – पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय, वाराणसी
  • डॉ. प्रवीर रंजन – लाल बहादुर शास्त्री चिकित्सालय, रामनगर, वाराणसी
  • डॉ. मनोज कुमार अखौरी – जिला संयुक्त चिकित्सालय, शामली
  • डॉ. अजय मोहन – श्रीराम चिकित्सालय, अयोध्या
  • डॉ. शंभु दयाल – जिला महिला चिकित्सालय, गोंडा
  • डॉ. प्रमोद कुमार दोहरे – 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, उन्नाव
  • डॉ. अनिल कुमार शुक्ला – 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय, हरदोई
  • डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव – लोकबंधु राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय, लखनऊ

पुलिस विभाग में भी बड़े फेरबदल के संकेत

उधर, पुलिस विभाग में भी जल्द बड़े स्तर पर तबादले की चर्चा है। पीपीएस संवर्ग से आईपीएस में पदोन्नति पाने वाले 28 अधिकारी नई जिम्मेदारी का इंतजार कर रहे हैं। एक जुलाई को इन अधिकारियों की आईपीएस संवर्ग में पदोन्नति का आदेश जारी हुआ था।

इसी महीने डीजी फायर सर्विस मुथा अशोक जैन और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात एडीजी रवि जोसेफ लोक्कू समेत 10 आईपीएस अधिकारियों का सेवाकाल पूरा होने वाला है। स्वतंत्रता दिवस के आयोजनों के बाद पुलिस विभाग में बड़े फेरबदल की संभावना जताई जा रही है।

वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यक्षेत्र से लेकर कई जिलों की कमान तक बदली जा सकती है। डीजी मुथा अशोक जैन का कार्यकाल पूरा होने के बाद वरिष्ठता क्रम में एडीजी अशोक कुमार सिंह के डीजी पद पर प्रोन्नत होने की संभावना है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से हाल में महिला अपराधों और आईजीआरएस में पिछड़े जिलों को लेकर अधिकारियों पर नाराजगी जताए जाने के बाद पुलिस विभाग में नई तैनातियों को लेकर भी मंथन चल रहा है। पदोन्नत पीपीएस अधिकारियों के फील्ड अनुभव और उपलब्धियों को ध्यान में रखते हुए तैनाती पर विचार किया जा रहा है।

Also Read: UP को मिले 126 नए राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 1810 पदों पर होगी भर्ती, प्रवक्ता से प्रिंसिपल तक नियुक्ति

Get real time updates directly on you device, subscribe now.