स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में फहराया तिरंगा, अजय राय ने देश की एकता-अखंडता का लिया संकल्प
Lucknow News:स्वतंत्रता दिवस के पावन पर्व पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार पाण्डेय ध्वज रक्षक के रूप में मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन शामिल हुए।
ध्वजारोहण से पूर्व अजय राय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री पं. जवाहरलाल नेहरू और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। कांग्रेसजनों को संबोधित करते हुए अजय राय ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस असंख्य ज्ञात-अज्ञात अमर शहीदों के त्याग और बलिदान को याद करने का दिन है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश के भविष्य युवाओं और छात्र-छात्राओं के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है तथा फिरकापरस्त ताकतें समाज को बांटने का प्रयास कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि सत्ता में बैठे लोग देश की गंगा-जमुनी तहजीब तथा एकता-अखंडता को कमजोर करने में लगे हैं। ऐसे समय में सभी कांग्रेसजनों को देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। इस अवसर पर अजय राय ने लखनऊ विश्वविद्यालय के भौतिक विज्ञान विभाग की पूर्व आचार्य प्रो. ऊषा बख्शी तथा वरिष्ठ नेता आर.एस. तिवारी को कांग्रेस पार्टी के प्रति निष्ठा, समर्पण और लंबे समय तक दी गई सेवाओं के लिए अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।
समारोह में पूर्व विधायक श्यामकिशोर शुक्ल, शिव पाण्डेय, डॉ. प्रमोद कुमार पाण्डेय, सुरेन्द्र यादव, पंकज तिवारी, प्रियंका गुप्ता, शुचि विश्वास, अनामिका यादव, शहाना सिद्दीकी, डॉ. लालती देवी, प्रतिभा अटल पाल, सुशीला शर्मा, शीला मिश्रा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष दीपक शिवहरे, जिलाध्यक्ष रूद्रदमन सिंह बबलू, शहर अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, डॉ. शहजाद आलम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Also Read: सीएम योगी ने किया बलिदानी वीरों के परिजनों का सम्मान

