3 महीने में ही धंसा Ganga Expressway, हुआ 10 मीटर गहरा गड्ढा, UPEIDA में हड़कंप

Ganga Expressway: उत्तर प्रदेश के बहुचर्चित गंगा एक्सप्रेसवे पर उद्घाटन के महज तीन महीने बाद सड़क धंसने का मामला सामने आया है। मेरठ-प्रयागराज रूट पर उन्नाव के पास बारिश के बाद सड़क और साइड रेलिंग के नजदीक गहरा गड्ढा बन गया। घटना के बाद UPEIDA और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

करीब 594 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के निर्माण पर 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक खर्च होने की बात कही गई है। ऐसे में शुरुआती बारिश में सड़क के धंसने की घटना ने निर्माण गुणवत्ता और इंजीनियरिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

उन्नाव में अचानक धंसी सड़क, मौके पर पहुंची टीम

मेरठ से प्रयागराज जाने वाले मार्ग पर उन्नाव क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 421 के पास यह मामला सामने आया। यहां सड़क और साइड रेलिंग के आसपास करीब 10 मीटर लंबा गहरा गड्ढा बन गया।

सड़क धंसने से Ganga Expressway से गुजरने वाले वाहनों के लिए खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही कार्यदायी संस्था और UPEIDA के अधिकारी मौके पर पहुंचे। बारिश के बीच ही मरम्मत का काम शुरू कराया गया।

29 अप्रैल को हुआ था उद्घाटन

गंगा एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में शामिल किया जाता है। यह प्रदेश के 12 जिलों से होकर गुजरता है और मेरठ से प्रयागराज के बीच यात्रा का समय करीब 12 घंटे से घटाकर 6 घंटे करने का दावा किया गया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 29 अप्रैल 2026 को Ganga Expressway का उद्घाटन किया था। इसके करीब तीन महीने बाद सड़क धंसने की घटना सामने आने से अब एक्सप्रेसवे की निर्माण गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

फिलहाल अधिकारी सड़क की मरम्मत और धंसने की वजह की जांच में जुटे हैं। तकनीकी जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि सड़क धंसने की वजह अत्यधिक बारिश, जल निकासी की समस्या, मिट्टी का कटाव या निर्माण से जुड़ी कोई तकनीकी खामी थी।

Also Read: प्रयागराज में जलभराव पर अखिलेश यादव का बीजेपी पर तंज, कहा-स्मार्ट सिटी में सड़कें बनीं नदियां

Get real time updates directly on you device, subscribe now.