IPS आशुतोष मिश्रा की मां की नहीं हुई हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: अंबेडकर नगर के मालीपुर थाना क्षेत्र में IPS अधिकारी आशुतोष मिश्रा (Ashutosh Mishra) की 94 वर्षीय मां की मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि मौत की वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस ने मौत को लेकर उठे संदेह के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया था। अब रिपोर्ट आने के बाद पुलिस टीम अन्य संभावित कारणों की जांच में जुटी है।

तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम

अंबेडकर नगर (Ambedkar Nagar) की एसपी प्राची सिंह के मुताबिक, 16 अगस्त को IPS आशुतोष मिश्रा की मां की मौत की सूचना मिली थी। शुरुआती तौर पर हार्ट अटैक से मौत की बात सामने आई थी, लेकिन संदेह जताए जाने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

तीन डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं होने पर विसरा सुरक्षित (Preserve) किया गया है। साथ ही कार्डियक अरेस्ट की पुष्टि के लिए हृदय को हिस्टोपैथोलॉजिकल जांच के लिए भेजा जा रहा है।

पुलिस कर रही हर पहलू की जांच

एसपी ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच और विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मौत से जुड़े दूसरे संभावित कारणों की भी बारीकी से जांच कर रही है।

फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच और मेडिकल परीक्षण से जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: UP ATS ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े संदिग्ध को दबोचा, पाकिस्तान आतंकी संगठन को भेजता था चंदा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.