अखिलेश यादव का NDA के सीट शेयरिंग पर तंज, PDA के दबाव में सहयोगियों को 162 सीटें देने का किया दावा

Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमाने लगा है। इस बार राज्य में मुख्य मुकाबला भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और समाजवादी पार्टी व कांग्रेस के इंडिया (INDIA) गठबंधन के बीच होने की संभावना जताई जा रही है। एक तरफ जहां दोनों ही गठबंधनों के भीतर सीट बंटवारे को लेकर खींचतान जारी है, वहीं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने NDA के घटक दलों को मिलने वाली संभावित सीटों का ब्योरा सामने रखते हुए सत्तापक्ष पर बड़ा हमला बोला है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर दावा किया कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्ग के बढ़ते जनाधार से घबराकर भाजपा अपने छोटे सहयोगियों को कुल 403 में से 162 सीटें देने की योजना बना रही है। अखिलेश के अनुसार, इस संभावित बंटवारे में जयंत चौधरी की राष्ट्रीय लोक दल (RLD) को सबसे ज्यादा 73 सीटें, ओम प्रकाश राजभर की सुभासपा को 39 सीटें, संजय निषाद की निषाद पार्टी को 31 सीटें और अनुप्रिया पटेल के अपना दल (एस) को 19 सीटें दी जा रही हैं।

सपा प्रमुख ने इस कथित योजना पर चुटकी लेते हुए कहा कि अपनी हार सामने देखकर और सहयोगियों को खिसकने से रोकने के लिए भाजपा यह कदम उठा रही है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि PDA आबादी के अनुपात में यह आंकड़ा आधे से भी कम है, इसलिए यह चुनावी रणनीति पूरी तरह विफल साबित होगी। अखिलेश ने आगे आरोप लगाया कि जनता ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई से तंग आकर भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना लिया है।

अखिलेश यादव ने करीब दो दर्जन बिंदुओं की एक लंबी सूची जारी करते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने सरकार पर शिक्षा व्यवस्था में घपले, फर्जी एनकाउंटर, बुलडोजर कार्रवाई, बिजली और स्वास्थ्य संकट, 69000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण की अनदेखी, संविधान बदलने की साजिश, अग्निवीर योजना के जरिए युवाओं के साथ अन्याय, और व्यापारियों से घूसखोरी जैसे कई गंभीर आरोप लगाए।

अपना दल (एस) ने किया पलटवार

अखिलेश यादव के इस बयान और दावों पर अपना दल (एस) ने तुरंत कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और अनुप्रिया पटेल के पति आशीष पटेल ने अखिलेश पर पलटवार करते हुए कहा कि उनकी पार्टी केवल सोशल मीडिया पर ‘ट्वीट और रीट्वीट’ का खेल खेलने में विश्वास नहीं रखती, बल्कि जमीन पर जनता के बीच रहकर काम करती है।

आशीष पटेल ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि एनडीए एक बार फिर पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रहा है और इसी कड़वी सच्चाई से बौखलाकर सपा अध्यक्ष खुद ही अफवाहें फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता सब समझ रही है और वर्ष 2027 के चुनाव में अपना स्पष्ट और करारा जनादेश देकर इसका जवाब देगी।

Also Read: कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान, बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.