10 हजार की नौकरी करने वाले गार्ड के नाम करोड़ों की फर्म, मिला 3.14 करोड़ का नोटिस

Kanpur News: कानपुर के नौबस्ता इलाके में रहने वाले ओमजी शुक्ला उस समय हैरान रह गए, जब उन्हें 3 करोड़ 14 लाख 56 हजार रुपये से ज्यादा टैक्स जमा करने का CGST नोटिस मिला। ओमजी एक कोचिंग संस्थान में करीब 10 हजार रुपये की नौकरी पर सिक्योरिटी गार्ड थे। नोटिस मिलने के बाद उनकी नौकरी चली गई और राशन कार्ड भी रद्द हो गया।

CGST के नोटिस से पता चला कि उनके नाम पर ‘ओम इंटरप्राइजेज’ नाम से फर्म दर्ज है। यह फर्म 2023 में रजिस्टर्ड हुई थी। रिकॉर्ड में इसके जरिए कपड़ों का करीब 17 करोड़ 47 लाख 56 हजार 200 रुपये का कारोबार दिखाया गया।

एक साल से अधिकारियों के चक्कर

ओमजी को 21 अगस्त 2025 को यह नोटिस मिला था। उनका कहना है कि उन्हें दिल्ली से नोटिस भेजा गया। कानपुर स्थित CGST कार्यालय में शिकायत लेकर पहुंचने पर अधिकारियों ने उन्हें संबंधित जगह जाने की बात कही। इसके बाद से वह लगातार अधिकारियों के चक्कर काटते रहे।

मंगलवार को ओमजी ने पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल से मुलाकात की। उनकी शिकायत सुनने के बाद पुलिस आयुक्त ने नौबस्ता थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

क्राइम ब्रांच करेगी जांच

पुलिस आयुक्त ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सिक्योरिटी गार्ड के नाम पर फर्म का पंजीकरण होना प्रथम दृष्टया मिलीभगत की ओर इशारा करता है। उन्होंने जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है।

नौकरी जाने के बाद ओमजी अब डिलीवरी का काम कर रहे हैं। उनकी मां भी पहले सिक्योरिटी गार्ड थीं, लेकिन इस घटना के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने से उन्होंने काम छोड़ दिया।

Also Read: शूटिंग के दौरान कार्तिक आर्यन को लगी चोट, अस्पताल में कराया गया भर्ती, जल्द होगी सर्जरी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.