55 साल के शख्स के ब्लैडर से निकली 3.1 किलो की पथरी, डॉक्टर भी रह गए हैरान
Sri Lanka News: श्रीलंका में डॉक्टरों ने 55 साल के एक व्यक्ति के ब्लैडर से 3.1 किलोग्राम वजन की पथरी निकालकर सभी को हैरान कर दिया। इसका आकार करीब 17 सेंटीमीटर था। डॉक्टरों के मुताबिक यह पथरी शुतुरमुर्ग के अंडे जितनी बड़ी और एक नवजात बच्चे के वजन के करीब थी।
मरीज को स्ट्रोक के इलाज के लिए ट्रिंकोमाली डिस्ट्रिक्ट जनरल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसे पेशाब करने में परेशानी हुई। जांच की गई तो यूरिनरी ब्लैडर में इतनी बड़ी पथरी मिली।
सर्जरी कर निकाली गई पथरी
यूरोलॉजिस्ट डॉ. प्रगलाधन बालाकृष्णन की अगुवाई में विशेषज्ञों की टीम ने ऑपरेशन किया। डॉक्टर बालाकृष्णन ने बताया कि उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर यह सर्जरी के जरिए निकाली और दर्ज की गई सबसे बड़ी ब्लैडर स्टोन हो सकती है। हालांकि, इस दावे की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

ब्लैडर स्टोन तब बनती है, जब पेशाब पूरी तरह बाहर नहीं निकल पाता और उसमें मौजूद खनिज धीरे-धीरे जमा होकर ठोस पिंड बना लेते हैं। प्रोस्टेट बढ़ना, यूरिनरी ब्लॉकेज, बार-बार संक्रमण और ब्लैडर की नसों से जुड़ी समस्या इसके कारण हो सकती है।
लक्षणों को नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी
ब्लैडर स्टोन के कारण पेशाब करते समय दर्द या जलन, पेशाब शुरू करने में परेशानी, कमजोर धार, बार-बार पेशाब लगना, खून आना और पेट के निचले हिस्से में दर्द हो सकता है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में 2003 में ब्राजील में निकाली गई 1.9 किलो और 17.9 सेंटीमीटर की पथरी दर्ज है। श्रीलंका की इस 3.1 किलो की पथरी के रिकॉर्ड की अभी आधिकारिक पुष्टि बाकी है।
Also Read: यूपी के इस शहर में चलेगा बुलडोजर, सड़क-नालों पर कब्जा करने वालों को नोटिस

