Bareilly News: पॉक्सो एक्ट का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने शराब भट्टी के पास से सुमित को दबोचा
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद अंतर्गत थाना बिथरी चैनपुर पुलिस ने नाबालिग लड़की से जुड़े गंभीर मामले (पॉक्सो एक्ट) में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा और वैधानिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
मामले का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि 17 जुलाई 2026 को वादी ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप था कि राजीव यादव (पुत्र कमलेश, निवासी परातासपुर, थाना बिथरी चैनपुर, बरेली) उनकी नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर भगा ले गया है। इस घटना में प्रिंस पुत्र मदन लाल, निवासी ग्राम मथुरा, थाना सीबी गंज और सुमित पुत्र कैलाश ने मुख्य आरोपी का सहयोग किया था।
वादी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 137(2), 87, 74, 61 तथा पॉक्सो एक्ट (POCSO Act) की धारा 16/17 के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया था। इस मामले में सह-अभियुक्त प्रिंस को पुलिस पूर्व में ही (22 जुलाई 2026 को) गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि आरोपी सुमित लगातार फरार चल रहा था।
वांछित अभियुक्तों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 19 अगस्त 2026 को बिथरी चैनपुर थाने के उप-निरीक्षक गौरव कुमार अत्री और सिपाही रोहित कुमार (कांस्टेबल 2132) की टीम को बड़ी सफलता मिली। मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने रजऊ परसपुर स्थित शराब भट्टी के पास घेराबंदी कर आरोपी सुमित (उम्र लगभग 20 वर्ष, पुत्र कैलाश, निवासी सैदपुर लश्करीगंज, थाना बिथरी चैनपुर, बरेली) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर दिया गया है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: ‘बाबा जी, मेरी जवानी के बारे में सपने मत देखो’, रामदेव पर भड़कीं कंगना

