अमेरिका का कर्ज पहली बार 40 लाख करोड़ डॉलर पार, ट्रंप सरकार के लिए बढ़ी टेंशन

US Debt Crisis: अमेरिका की अर्थव्यवस्था के सामने कर्ज का ऐसा आंकड़ा सामने आया है, जिसने दुनिया भर की नजरें खींच ली हैं। दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाले अमेरिका का कुल सरकारी कर्ज पहली बार 40 लाख करोड़ डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है। खास बात यह है कि कर्ज का यह स्तर अमेरिकी कांग्रेस के बजट कार्यालय (CBO) के अनुमान से भी पहले पहुंच गया।

अमेरिकी वित्त विभाग के ताजा आंकड़ों के मुताबिक मंगलवार को कारोबार खत्म होने तक देश का कुल सरकारी कर्ज 40.05 लाख करोड़ डॉलर हो चुका था। इससे पहले अनुमान लगाया गया था कि वित्त वर्ष 2026 के अंत तक अमेरिका का कर्ज करीब 39.4 लाख करोड़ डॉलर तक पहुंचेगा, लेकिन यह आंकड़ा तय समय से पहले ही पार हो गया।

ट्रंप सरकार के लिए बढ़ी चिंता, ब्याज दर भी चढ़ी

अमेरिका के बढ़ते कर्ज (US Debt) के बीच सरकार के लिए एक और चिंता की बात सामने आई है। मंगलवार को लंबी अवधि के अमेरिकी सरकारी कर्ज पर ब्याज दर 2007 के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गई। बढ़ते कर्ज के साथ अमेरिका को पुराने कर्ज की भरपाई या नए कर्ज के लिए ज्यादा ब्याज चुकाना पड़ रहा है।

ईरान के साथ युद्ध के कारण महंगाई बढ़ने की आशंका और अमेरिकी कर्ज को लेकर निवेशकों की चिंता ने भी बाजार पर दबाव बढ़ाया है। हालांकि, अमेरिकी वित्त विभाग ने बुधवार को सरकारी बॉन्ड बाजार को स्थिर करने की कोशिश की, जिसके बाद ब्याज दरों में कुछ गिरावट दर्ज की गई।

आखिर अमेरिका इतना कर्ज क्यों ले रहा है?

अमेरिकी सरकार की कमाई उसके कुल खर्च से कम है। इस बजट घाटे को पूरा करने के लिए सरकार लगातार कर्ज (US Debt) लेती है। इस रकम का इस्तेमाल सरकारी योजनाओं, रक्षा और युद्ध पर खर्च, टैक्स में कटौती तथा दूसरी सरकारी जरूरतों को पूरा करने में किया जाता है।

ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन की बजट और टैक्स विशेषज्ञ जेसिका रीडल के मुताबिक अमेरिका लंबे समय से ऐसी दिशा में बढ़ रहा है, जहां सरकारी खर्च और कर्ज को बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। उनका कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में अच्छे आर्थिक दौर और शांतिकाल के बावजूद अमेरिका को हर साल करीब 2 लाख करोड़ डॉलर के बजट घाटे का सामना करना पड़ा है।

पहले किसी देश का सरकारी घाटा GDP के मुकाबले 3-4 फीसदी तक पहुंचने पर बाजार में चिंता बढ़ जाती थी, लेकिन अमेरिका में यह अंतर अब करीब 6-7 फीसदी तक पहुंच गया है। ऐसे में 40 लाख करोड़ डॉलर के पार पहुंचा सरकारी कर्ज (US Debt) आने वाले समय में अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।

Also Read: भारतीय चुनावी सिस्टम के कायल हुए डोनाल्ड ट्रंप! कहा- ‘अमेरिका को भारत से सीखना चाहिए’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.