Siddharthnagar News: कृषि यंत्रों की ई-लॉटरी 21 अगस्त को, कलेक्ट्रेट सभागार में जुटेंगे किसान

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद में वित्तीय वर्ष 2026-27 में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के तहत अनुदान पर कृषि यंत्र एवं कृषि रक्षा उपकरण प्राप्त करने के लिए किसानों द्वारा की गई ऑनलाइन बुकिंग के बाद अब चयन की प्रक्रिया ई-लॉटरी के माध्यम से होगी।

कृषि विभाग के अनुसार प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू, नेशनल मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन के अंतर्गत सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन समेत अन्य योजनाओं में कृषि यंत्रों के लिए किसानों ने 16 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक विभागीय पोर्टल Agriculture.up.gov.in पर ऑनलाइन बुकिंग की है। लक्ष्य से अधिक बुकिंग होने की स्थिति में किसानों का चयन 21 अगस्त 2026 को दोपहर 12 बजे कलेक्ट्रेट सभागार, सिद्धार्थनगर में जिला स्तरीय कार्यकारी समिति के समक्ष ई-लॉटरी के जरिए किया जाएगा।

कृषि विभाग ने सभी संबंधित किसानों से अपील की है कि ऑनलाइन आवेदन करने वाले किसान निर्धारित तिथि एवं समय पर कलेक्ट्रेट सभागार में उपस्थित रहें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जो किसान किसी कारणवश ई-लॉटरी में उपस्थित नहीं होंगे, उन्हें उपस्थित किसानों एवं समिति द्वारा की गई चयन प्रक्रिया से सहमत माना जाएगा और बाद में इस संबंध में कोई आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर शिव शरणंप्पा जीएन ने संबंधित अधिकारियों को ई-लॉटरी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा चयन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: 20 रुपये के विवाद में युवक की हत्या, अगले दिन पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली

Get real time updates directly on you device, subscribe now.