Mathura News: वृंदावन में ओमेक्स मॉल की शटरिंग गिरने से 3 मजदूरों की मौत
Mathura News: उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन स्थित रुक्मिणी विहार में शुक्रवार को एक बड़ा दर्दनाक हादसा सामने आया है। निर्माणाधीन ओमेक्स वृंदावन कोर्टयार्ड मॉल में दूसरी मंजिल पर छत और छज्जे की ढलाई के दौरान अचानक शटरिंग गिर गई। इस हादसे में मलबे के नीचे दबने से 3 श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।
रात में चल रहा था ढलाई का काम
पुलिस के अनुसार, रुक्मिणी विहार स्थित ओमेक्स की व्यावसायिक निर्माणाधीन साइट पर रात के समय ढलाई का काम चल रहा था। इसी दौरान भारी भरकम शटरिंग और ढलाई की सामग्री अचानक भरभराकर नीचे गिर पड़ी। वहां काम कर रहे 4 श्रमिक इसकी चपेट में आकर मलबे में दब गए। मथुरा के पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) राजीव कुमार सिंह ने बताया कि मौके पर राहत कार्य चलाकर चारों श्रमिकों को मलबे से बाहर निकाला गया, जिनमें से एक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि दो अन्य श्रमिकों ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल चौथे मजदूर को बेहतर इलाज के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा रेफर किया गया है।
परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
हादसे के बाद मृतक श्रमिकों के परिवारों में कोहराम मच गया। परिजनों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी और बिल्डर पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई व मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा में हुए इस दर्दनाक हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतक श्रमिकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायल श्रमिक का त्वरित और समुचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवारों से संवाद स्थापित कर उन्हें हरसंभव सरकारी सहायता उपलब्ध कराने और घायल के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
Also Read: US Open 2026: टेनिस इतिहास का सबसे बड़ा इनाम, पहले राउंड में हारकर भी मिलेंगे करोड़ों रुपये

