पिछड़ा से पंडित और अब पाकिस्तान… PDA को लेकर CM योगी ने अखिलेश पर साधा निशाना

CM Yogi: लखनऊ के इकाना स्टेडियम में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर हिंदू गौरव दिवस आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कल्याण सिंह के निधन पर अखिलेश यादव की ओर से श्रद्धांजलि नहीं दिए जाने को जातीय अपमान बताया।

योगी ने कहा कि कल्याण सिंह के निधन के समय प्रधानमंत्री अपना कार्यक्रम छोड़कर आए थे। यूपी की पूरी कैबिनेट लखनऊ से अलीगढ़ तक मौजूद रही। इसके बावजूद सपा की ओर से सामान्य शिष्टाचार तक नहीं निभाया गया। उन्होंने कहा कि बसपा प्रमुख मायावती ने कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि दी थी, लेकिन सपा प्रमुख ने प्रत्यक्ष रूप से जाने की बात तो दूर, शब्दों से भी संवेदना व्यक्त नहीं की।

PDA पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने सपा के PDA को लेकर कहा कि इसकी परिभाषा भी गिरगिट की तरह बदलती रहती है। उन्होंने कहा कि ‘P’ को पहले पिछड़ा और फिर पंडित बताया गया। योगी ने तंज कसते हुए कहा कि एक दिन ‘P’ का मतलब पाकिस्तान भी बताया जा सकता है।

उन्होंने सपा पर कन्नौज में बाबा साहेब आंबेडकर के नाम पर बने मेडिकल कॉलेज से उनका नाम हटाने का भी आरोप लगाया।

बोले- कल्याण सिंह टूट सकते थे, झुक नहीं

योगी ने कहा कि कल्याण सिंह किसान परिवार से आए थे और पद से नहीं, बल्कि अपने कर्म और विचारों से बड़े बने। उन्होंने कहा कि बाबूजी अपने सिद्धांतों पर कभी दबाव में नहीं आए। उनका कहना था, “कल्याण सिंह टूट सकता है, लेकिन झुक नहीं सकता।” योगी ने राम मंदिर आंदोलन में उनके खुलकर समर्थन और सत्ता की परवाह किए बिना रामभक्तों पर गोली न चलाने के रुख को भी याद किया।

Also Read: लखनऊ में पूर्व सीएम कल्याण सिंह की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, मेयर सुषमा खर्कवाल ने किया नमन 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.