मोबाइल को लेकर विवाद के बाद पहाड़ी पर पहुंचा युवक, बचाने में गिरे पिता, मां ने भी लगाई छलांग

Maharashtra News: महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में मोबाइल फोन को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद बेहद दुखद घटना में बदल गया। शुक्रवार को तिसगांव इलाके की खावड्या पहाड़ी से गिरने के कारण एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 19 वर्षीय युवक, उसके पिता और मां शामिल हैं।

जानकारी के मुताबिक, युवक की शुक्रवार सुबह अपने माता-पिता से किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद वह करीब 10 बजे खावड्या पहाड़ी पर पहुंच गया। माता-पिता भी उसे समझाने के लिए पीछे-पीछे वहां पहुंचे। पुलिस, दमकलकर्मी, ग्रामीण और गांव के सरपंच ने भी मौके पर पहुंचकर युवक को वापस लाने की कोशिश की।

सरपंच ने कहा- ‘मां के लिए जी लो

पूर्व सरपंच संजय जाधव समेत लोगों ने करीब तीन घंटे तक युवक को समझाया। सरपंच ने उससे कहा, “जो चाहिए वो लाकर देंगे, गांव चलो।” उन्होंने भावुक होकर यह भी कहा, “कूदने से क्या हासिल होगा? मां के लिए जी लो ना!” लेकिन युवक ने कहा, “नहीं, मुझे मरना है। यही एक रास्ता बचा है।”

रेस्क्यू टीम ने पहाड़ी के नीचे सुरक्षा जाल लगाने की कोशिश की, लेकिन युवक लगातार किनारे के पास अपनी जगह बदल रहा था। इसलिए उसके अगले कदम का अनुमान लगाना मुश्किल हो रहा था।

बेटे को बचाने दौड़े पिता, फिर मां ने भी छलांग लगाई

वालुज एमआईडीसी थाने के इंस्पेक्टर रामेश्वर गाडे के मुताबिक, दोपहर करीब 1 बजे के बाद पिता बेटे के पास पहुंचे और उसे पीछे हटाने की कोशिश की। इसी दौरान युवक नीचे कूद गया। उसे बचाने की कोशिश में पिता भी गिर गए। पति और बेटे को गिरता देख मां ने भी पहाड़ी से छलांग लगा दी। पुलिस ने तीनों शव बरामद कर आगे की कार्रवाई के लिए भेज दिए हैं।

Also Read: दुष्कर्म मामले में एनएचआरसी ने सीएम भगवंत मान की पत्नी पर लगे आरोपों का लिया संज्ञान, नोटिस जारी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.