Siddharthnagar News: पुलिस और एसओजी से मुठभेड़ में गोवध के आरोपी के पैर में लगी गोली

Siddharthnagar News: सिद्धार्थनगर जनपद के खेसरहा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम की गोवध के आरोपी से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में एक अभियुक्त के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा भेजा गया। मुठभेड़ के दौरान दो अन्य आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस के मुताबिक, 21/22 अगस्त की रात थाना खेसरहा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि देवरी गांव के उत्तर स्थित बगीचे में कुछ लोग गोवंश का वध कर रहे हैं। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।

पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में फिरोज अहमद पुत्र गोली, निवासी देवरी टोला टेढ़िया, थाना खेसरहा के बाएं पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए सीएचसी खेसरहा पहुंचाया।

पूछताछ में फरार आरोपियों की पहचान इरशाद पुत्र रमजान, निवासी देवरी टोला टेढ़िया, थाना खेसरहा तथा नान्हू पुत्र मोल्हू, निवासी मदाइन, थाना दुधारा, संतकबीरनगर के रूप में हुई। पुलिस दोनों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस और एसओजी से मुठभेड़ में गोवध के आरोपी के पैर में लगी गोली

भारी मात्रा में सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस, दो बांका/गड़ासा, तीन चाकू समेत अन्य संबंधित सामग्री बरामद करने का दावा किया है। इसके अलावा तराजू, एक किलो का बाट, रस्सी, मोबाइल फोन, चप्पल और अन्य सामान भी बरामद किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त फिरोज अहमद का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2018 से 2024 के बीच आयुध अधिनियम और आबकारी अधिनियम से संबंधित चार मुकदमे दर्ज हैं।

घटना के संबंध में थाना खेसरहा में मु.अ.सं. 118/2026 के तहत बीएनएस, शस्त्र अधिनियम एवं गोवध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्त को उपचार के बाद न्यायालय भेजने की कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष अनूप मिश्रा, एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक चन्द्रकान्त पाण्डेय सहित एसओजी और थाना खेसरहा पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: TMKOC: दिलीप जोशी से मुनमुन दत्ता तक, ‘तारक मेहता’ के कलाकार एक एपिसोड की कितनी लेते हैं फीस?

Get real time updates directly on you device, subscribe now.