लखनऊ में 243 भैंसों की नीलामी करेगा नगर निगम, 20,500 से शुरू होगी बोली
Lucknow News: लखनऊ नगर निगम पारा इलाके की अवैध डेयरियों से पकड़े गए 243 पशुओं की नीलामी करने जा रहा है। इनमें 241 भैंस, एक भैंसा और एक पड़िया शामिल हैं। इन पशुओं को अभियान के दौरान पकड़ा गया था और फिलहाल शहर के अलग-अलग कांजी हाउसों व गोशालाओं में रखा गया है। नीलामी 24 अगस्त को होगी।
नगर निगम ने भैंसों के लिए बेस प्राइस 20,500 रुपये तय किया है। नीलामी में शामिल होने वाले इच्छुक लोगों को 1,02,100 रुपये की धरोहर राशि नकद जमा करनी होगी। सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले व्यक्ति को पशु दिए जाएंगे।
पुराने पशु मालिक नहीं लगा सकेंगे बोली
नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा ने बताया कि मेयर और नगर आयुक्त के निर्देश पर इन पशुओं की नीलामी की जा रही है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अवैध डेयरी संचालक पकड़े गए पशुओं को दोबारा हासिल न कर सकें।
जिन पशुपालकों के ये पशु हैं, वे सीधे या किसी दूसरे व्यक्ति के माध्यम से नीलामी में हिस्सा नहीं ले सकेंगे। नीलामी खत्म होने के बाद सबसे ज्यादा बोली लगाने वाले को छोड़कर बाकी सभी की धरोहर राशि वापस कर दी जाएगी।
राशि जमा नहीं की तो जब्त होगी जमानत
सफल बोलीदाता की धरोहर राशि जमा रहेगी। तय समय पर पूरी रकम नहीं देने पर यह राशि जब्त कर ली जाएगी। नगर आयुक्त को बिना कारण बताए नीलामी रद्द करने का अधिकार भी रहेगा।
इच्छुक लोग नीलामी से पहले संबंधित कांजी हाउस और गोशालाओं में जाकर पशुओं को देख सकते हैं। नियम और शर्तों की जानकारी नगर निगम के पशु कल्याण अधिकारी के कार्यालय से कार्यदिवस में ली जा सकती है।
Also Read: लखनऊ में Gen-Z के समर्थन में NSUI का प्रदर्शन, अमित शाह के इस्तीफे की उठाई मांग

