Bareilly News: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी पड़ोसी गिरफ्तार
Bareilly News: बरेली जनपद के थाना फतेहगंज पश्चिमी पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म के मुकदमे में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। वरिष्ठ उप-निरीक्षक अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए शनिवार को आरोपी महेश (45 वर्ष) को रहपुरा अंडरपास के समीप से गिरफ्तार किया। आरोपी बरेली की तरफ से आ रहा था, जिसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी महेश ने अपना जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि उसका घर वादिनी के मकान से बिल्कुल सटा हुआ है। पड़ोसी होने का फायदा उठाकर उसने नाबालिग के साथ गलत काम किया। घटना के संबंध में पीड़िता की मां की तहरीर पर 18 अगस्त 2026 को थाना फतेहगंज पश्चिमी में पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेशी
प्रभारी निरीक्षक प्रवीन कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त महेश कुमार पुत्र झाऊराम, निवासी मोहल्ला साहूकारा (वार्ड नं. 03, कस्बा फतेहगंज पश्चिमी) के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उप-निरीक्षक अशोक कुमार, उप-निरीक्षक विनोद कुमार शर्मा और हेड कांस्टेबल भूपेन्द्र सिंह शामिल रहे।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: लखनऊ में 243 भैंसों की नीलामी करेगा नगर निगम, 20,500 से शुरू होगी बोली

