IND vs SL: प्रदर्शन नहीं, इस वजह से बाहर हुए कुलदीप यादव, कोलंबो टेस्ट में सारांश जैन का डेब्यू
Sports News: भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट कोलंबो के सिन्हलीज स्पोर्ट्स क्लब में खेला जा रहा है।
मुकाबले के लिए टीम इंडिया की प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया गया है। कुलदीप यादव की जगह 33 वर्षीय ऑफ स्पिनर सारांश जैन को टेस्ट डेब्यू का मौका मिला है।
कुलदीप यादव को बाहर किए जाने के बाद उनके प्रदर्शन को लेकर सवाल उठ रहे थे। उन्होंने गॉल में खेले पहले टेस्ट में सिर्फ एक विकेट लिया था।
हालांकि, कप्तान शुभमन गिल ने टॉस के दौरान साफ किया कि कुलदीप को प्रदर्शन के कारण नहीं, बल्कि इंफेक्शन की वजह से टीम से बाहर रखा गया है।
गिल ने यह नहीं बताया कि कुलदीप किस तरह के इंफेक्शन से जूझ रहे हैं।
सारांश जैन का टेस्ट डेब्यू
कुलदीप की गैरमौजूदगी में 33 वर्षीय सारांश जैन को भारत की प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है। वह भारत के लिए टेस्ट डेब्यू करने वाले 320वें क्रिकेटर हैं। उन्हें रवींद्र जडेजा ने डेब्यू कैप सौंपी।

मध्य प्रदेश के सारांश जैन ने 54 फर्स्ट क्लास मैचों में 188 विकेट लिए हैं। बल्लेबाजी में भी उनके नाम 2,223 रन हैं, जिसमें दो शतक और 14 अर्धशतक शामिल हैं।
श्रीलंका के बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ उपयोगी होंगे सारांश
सारांश के ऑफ स्पिन गेंदबाज होने से भारत को श्रीलंका के बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है।
श्रीलंकाई टीम में सोनल दिनुषा और कामिंडु मेंडिस समेत कई बाएं हाथ के बल्लेबाज मौजूद हैं।

