बंगाल की खाड़ी में पनामा का मालवाहक जहाज डूबा, 24 सदस्यों वाले क्रू में 20 चीनी नागरिक शामिल

Sandesh Wahak Digital Desk: बंगाल की खाड़ी में लौह अयस्क लेकर सिंगापुर जा रहा पनामा का बल्क कैरियर एमवी ओशन विनर दुर्घटनाग्रस्त होकर डूब गया। जहाज पर कुल 24 चालक दल के सदस्य सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही भारतीय नौसेना और भारतीय तटरक्षक बल (ICG) ने संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया है।

मर्चेंट शिप ने 2 को सुरक्षित निकाला

विशाखापत्तनम से लगभग 700 किमी पूर्व संकट संदेश मिलने पर भारतीय नौसेना ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने लंबी दूरी के समुद्री निगरानी विमान पी-8आई को तैनात किया। विमान ने समुद्र में बिखरे हुए लाइफराफ्ट्स का पता लगाया। इसके बाद पास से गुजर रहे मर्चेंट वेसल ‘एमटी ऐसोपोस’ से संपर्क साधकर मदद ली गई, जिसने दो अलग-अलग लाइफराफ्ट से 2 क्रू मेंबर्स को सकुशल बचा लिया। एमवी ओशन विनर (बल्क कैरियर, पनामा फ्लैग) जहाज में 24 क्रू सवार क्रू थे, जिनमें 20 चीनी, 3 म्यांमार और 1 बांग्लादेशी नागरिक शामिल हैं।

तटरक्षक बल के जहाज तैनात, तलाश जारी

श्री विजय पुरम स्थित समुद्री बचाव समन्वय केंद्र के साथ तालमेल बिठाकर अंतरराष्ट्रीय खोज नेटवर्क को सक्रिय कर दिया गया है। तटरक्षक बल के जहाज आईसीजीएस वरद, आईसीजीएस अनमोल और अतिरिक्त सहायता के लिए आईसीजीएस विजित को अभियान में लगा दिया गया है। फिलहाल जहाज डूबने के कारणों की जांच की जा रही है और शेष 22 सदस्यों की तलाश प्राथमिकता पर है।

Also Read: यूपी विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पर राष्ट्रगान के अपमान का आरोप, विपक्ष हमलावर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.