कार हादसे में 15 करोड़ के सोने की बरामदगी पर अखिलेश यादव ने पुलिस को घेरा
Lucknow News: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दुर्घटनाग्रस्त कार से भारी मात्रा में सोना बरामद होने के बाद मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और कन्नौज से सांसद अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर यूपी पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने मौके से 26 किलोग्राम सोना पकड़ा था, लेकिन रिकॉर्ड में केवल 10 किलोग्राम ही दर्ज कराया।
अखिलेश यादव का आरोप, 10 दिखाया, 16 गटकाया
सपा प्रमुख ने पुलिस और सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए तंज कसा, “दस दिखाया, सोलह गटकाया, ‘भाजपा’ की पुलिस की माया”। उन्होंने आशंका जताई कि कहीं बरामद सोने को कागजों में महज पीली धातु दर्ज कर बाद में इसे पीतल के बिस्किटों से न बदल दिया जाए। इसके साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि नेपाल से गोरखपुर और गोरखपुर से दिल्ली तक का यह तस्करी रूट डबल इंजन सरकार के तहत पनप रहा है।
दस दिखाया, सोलह गटकाया
‘भाजपा’ की पुलिस की मायाकन्नौज में पुलिस की गाड़ी से हुए एक्सीडेंट में सोने की तस्करी का खुलासा हुआ है। सूत्रों के अनुसार टक्कर लगने के बाद जब कार सवार भागने लगे तो पुलिस ने पीछा करके उन्हें पकड़ा और तलाशी के दौरान गाड़ी से 1 किलो के 26 सोने के बिस्कुट… pic.twitter.com/lwMR1gD7s3
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) August 23, 2026
एक्सप्रेसवे पर पुलिस वैन से टकराई थी तस्करों की कार
पूरा मामला कन्नौज के तालग्राम क्षेत्र का है, जहां शनिवार को सकरावा थाना प्रभारी की सरकारी गाड़ी को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद जब कार सवार भागने लगे, तो पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें करीब 100 मीटर की दूरी पर रोक लिया। कार सवारों की पहचान महराजगंज निवासी संदीप जायसवाल और नेपाल के पाल्पा निवासी सरोज पंत के रूप में हुई।
कस्टम विभाग को सौंपी गई जांच
संदेह होने पर जब वाहन की सघन तलाशी ली गई, तो उसमें से 10 सोने के बिस्किट बरामद हुए। एसबीआई के मूल्यांकनकर्ता से जांच कराने पर 24 कैरेट के इस सोने का कुल वजन 10.026 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 15.39 करोड़ रुपये है। आरोपी कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके, जिसके बाद जीएसटी और कस्टम विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। प्रथम दृष्टया अंतरराष्ट्रीय तस्करी का मामला पाए जाने पर आरोपी और बरामद सोना सीमा शुल्क (कस्टम) विभाग को सौंप दिया गया है।
Also Read: यशस्वी जायसवाल पर लटकी बैन की तलवार, असिथा फर्नांडो से भिड़ंत के बाद ICC ले सकता है एक्शन

