डॉ. विमल कुमार द्विवेदी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में D.Pharm प्रथम वर्ष के छात्रों का भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम
Siddharthnagar News: सोनखर, बांसी स्थित डॉ. विमल कुमार द्विवेदी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी में सत्र 2026-27 के D.Pharm प्रथम वर्ष में नवप्रवेशित छात्रों के लिए भव्य ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को संस्थान, पाठ्यक्रम, अनुशासन एवं फार्मेसी क्षेत्र में करियर की संभावनाओं से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संस्थान की प्रबंध निदेशक डॉ. अनीता द्विवेदी (MBBS, DGO) रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथि डॉ. विमल कुमार द्विवेदी (MBBS, Senior Ortho Surgeon) मौजूद रहे। समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
मुख्य अतिथि डॉ. अनीता द्विवेदी ने नवप्रवेशित छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में फार्मासिस्टों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों को मेहनत, ईमानदारी और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सफलता के लिए मूल मंत्र है कठिन परिश्रम
विशिष्ट अतिथि डॉ. विमल कुमार द्विवेदी ने कहा कि सफलता के लिए कठिन परिश्रम, धैर्य और निरंतरता सबसे बड़ा मूलमंत्र है। फार्मेसी केवल डिग्री हासिल करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज सेवा का सशक्त क्षेत्र है। उन्होंने छात्रों से किताबी ज्ञान के साथ प्रयोगात्मक एवं व्यावहारिक ज्ञान हासिल करने और अनुशासन का पालन करने का आह्वान किया।

छात्रों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
संस्थान के प्राचार्य धनंजय त्रिपाठी ने विद्यार्थियों को कॉलेज के नियमों, PCI मानकों, प्रयोगशाला सुविधाओं एवं पाठ्यक्रम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं असिस्टेंट प्रोफेसर मोहम्मद असलम एवं रोहित गुप्ता ने छात्रों को फार्मेसी क्षेत्र में करियर की संभावनाओं और इंडस्ट्री की आवश्यकताओं के बारे में मार्गदर्शन दिया।
संस्थान के अन्य शैक्षणिक स्टाफ सदस्यों ने भी विद्यार्थियों को कॉलेज की व्यवस्थाओं, लाइब्रेरी एवं अनुशासन संबंधी आवश्यक जानकारियां प्रदान कीं। कार्यक्रम के अंत में सभी नवप्रवेशित छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: जंग छिड़ी तो नहीं होगी मिसाइलों की कमी, राजनाथ सिंह का बड़ा फैसला, बढ़ेगा उत्पादन

