यूपी के स्कूलों पर संजय सिंह का योगी सरकार पर हमला, 604 करोड़ के ऐलान पर उठाए सवाल

Sanjay Singh: आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की बेसिक शिक्षा व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि AAP के ‘स्कूल ठीक करो अभियान’ के दबाव में सरकार ने बेसिक स्कूलों के कायाकल्प के लिए 604 करोड़ रुपये खर्च करने की घोषणा की है। हालांकि, उन्होंने कहा कि केवल बजट का ऐलान काफी नहीं है, स्कूलों में इसका असर भी दिखाई देना चाहिए।

स्कूल मर्जर और बदहाली पर सवाल

संजय सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार विधानसभा में स्कूलों के बंद या मर्ज न होने की बात कहती रही, जबकि उनके अभियान के दौरान जर्जर स्कूल सामने आए। उन्होंने दावा किया कि कुछ स्कूलों के मर्ज किए जाने की जानकारी बाद में प्रशासन से मिली। उनका यह भी आरोप है कि यू-डायस पोर्टल पर कई स्कूल अब भी पुराने पते पर संचालित दिख रहे हैं।

उन्होंने स्कूलों में टूटे भवन, खराब शौचालय, बिजली और पंखे जैसी समस्याओं का मुद्दा उठाया। साथ ही समग्र शिक्षा अभियान के तहत मिले बजट के उपयोग पर भी सवाल खड़े किए।

संसद की समिति से जांच की मांग

संजय सिंह ने सरकारी स्कूलों की स्थिति, मिड-डे मील में कथित अनियमितताओं और शिक्षा बजट के इस्तेमाल की जांच के लिए संसद की याचिका समिति से जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि संबंधित शिकायत में हरदोई के जिलाधिकारी समेत अलग-अलग जिलों के बीएसए और डीएम से जुड़े मामले भी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ FIR के लिए प्रार्थना पत्र दिए जाएंगे। AAP कार्यकर्ता अगले एक महीने तक हर जिले के जर्जर स्कूल, खराब टॉयलेट, टूटी बाउंड्री और मिड-डे मील से जुड़ी समस्याओं की शिकायत बीएसए, शिक्षा निदेशक और मुख्यमंत्री कार्यालय में देंगे।

संजय सिंह ने महंगाई, रोजगार और आरक्षण के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा विभाग में दो लाख से ज्यादा शिक्षक पद खाली हैं। 69 हजार शिक्षक भर्ती में आरक्षण विवाद का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रहेगी।

Also Read: IPO में भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों की साइबर ठगी, 3 आरोपी गिरफ्तार 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.