इस्लामाबाद के PIMS अस्पताल में AC फटने से लगी भीषण आग, 15 नवजात मौत

Sandesh Wahak Digital Desk: पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद स्थित प्रसिद्ध पाकिस्तान इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (PIMS) अस्पताल से एक अत्यंत दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। बुधवार को अस्पताल के स्त्री रोग (गायनकोलॉजी) विभाग की नवजात शिशु नर्सरी में अचानक आग लग जाने से 15 मासूम बच्चों की जलने व दम घुटने से मौत हो गई।

प्राथमिक जांच और राहत दल (रेस्क्यू अधिकारियों) द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना की मुख्य वजह नर्सरी में लगे एयर कंडीशनर (AC) के कंप्रेसर में हुआ तेज विस्फोट था। धमाके के तुरंत बाद भीषण लपटों और गाढ़े जहरीले धुएं ने कुछ ही सेकंड में पूरे वार्ड को अपनी गिरफ्त में ले लिया, जिससे अंदर मौजूद नवजात शिशुओं को वहां से निकालने या बचाने का समय ही नहीं मिल सका।

16 में से केवल एक शिशु को सुरक्षित निकाला जा सका

अस्पताल प्रशासन ने दुखद आंकड़े की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के वक्त नर्सरी वार्ड में कुल 16 नवजात बच्चे दाखिल थे। आग लगते ही मची अफ़रा-तफ़री के बीच आपातकालीन राहत टीमों ने मुस्तैदी से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद केवल 1 बच्चे को ही सुरक्षित निकाला जा सका। बाकी 15 मासूमों की इस भयानक हादसे में जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और रेस्क्यू टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पाया। इस हृदयविदारक हादसे के बाद से ही अस्पताल परिसर में पीड़ित परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Also Read: ‘यह इस्लाम पर हमला है’, हिजाब पर HC के फैसले पर ओवैसी असहमत, बोले- ‘अनुच्छेद 25 और 19 का उल्लंघन’

Get real time updates directly on you device, subscribe now.