Bareilly News: अग्निवीर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाला फर्जी सेना हवलदार गिरफ्तार
Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले की थाना कैंट पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने फर्जी व कूटरचित आर्मी दस्तावेजों और नकली मुहरों के सहारे अग्निवीर अभ्यर्थियों से ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय ठग को गिरफ्तार किया है। 25 अगस्त को मिलिट्री इंटेलिजेंस से मिली गोपनीय सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मिलिट्री अस्पताल, बरेली के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। गिरफ्तार अभियुक्त खुद को सेना का सेवारत या सेवानिवृत्त हवलदार बताकर मेडिकल में अनफिट घोषित हुए अग्निवीर अभ्यर्थियों को री-मेडिकल में पास कराने का झांसा देता था।
फर्जी मुहरों, फर्जी कॉल-अप लेटर और रेडमी फोन समेत कई साक्ष्य बरामद
पकड़ा गया अभियुक्त फर्जी सेना संबंधी कागजात, कूट रचित कॉल-अप लेटर, रेफरल फॉर्म और 155 INF BN (TA) JAK RIF PIN 934355 लिखी एक नकली मुहर का इस्तेमाल कर अभ्यर्थियों में भरोसा कायम करता था। वह अपने साथी गजेंद्र सिंह के साथ मिलकर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजेश तिवारी (36 वर्ष), पुत्र राम सुख तिवारी, निवासी कृष्ण विहार कॉलोनी, आईआईएम रोड, थाना सैरपुर, जिला लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से एक रेडमी नोट 14 प्रो मोबाइल, अभ्यर्थियों का विवरण दर्ज रजिस्टर, फर्जी कॉल-अप लेटर और उसके बैंक खाते में अवैध रूप से मंगवाई गई धनराशि के साक्ष्य बरामद किए हैं।

मोबाइल चैट और बैंक ट्रांजेक्शन से खुला राज
पूछताछ और अभियुक्त के मोबाइल फोन की जांच के दौरान भारी मात्रा में अभ्यर्थियों के दस्तावेज, धोखाधड़ी से जुड़ी व्हाट्सऐप चैट्स और संदिग्ध बैंक लेन-देन के पुख्ता सबूत मिले हैं। थाना कैंट बरेली में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) में केस दर्ज कर उसे जेल भेजा जा रहा है। इस पूरी कार्रवाई को थाना कैंट प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार, उप-निरीक्षक राजीव पटेल, एसओजी-II प्रभारी प्रशांत सिंह, मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों और कांस्टेबल संदीप राणा व रोहित राणा की टीम ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: अरशद वारसी की ‘जीवन भीमा योजना’ का ट्रेलर रिलीज, इंश्योरेंस फ्रॉड में फंसी कॉमेडी और क्राइम की कहानी

