जर्जर नाव की जगह नई नाव मिलने पर सियासत, भाजपा युवा नेता और ग्राम प्रधान पर चोरी का मुकदमा दर्ज
Siddharthnagar News: तहसील नौगढ़ अंतर्गत विकास खंड लोटन के ग्राम सभा पनेरा में जर्जर नाव के स्थान पर नई नाव उपलब्ध कराए जाने के बाद नाव चोरी का मुकदमा दर्ज होने का मामला सामने आया है। भाजपा युवा नेता दीनबंधु प्रताप सिंह बघेल और ग्राम प्रधान शम्भू प्रसाद जायसवाल के खिलाफ थाना सिद्धार्थनगर में बीएनएस की धारा 303 के तहत मुकदमा दर्ज होने की बात सामने आई है। दोनों ने मामले को लेकर नाराजगी जताते हुए इसे जनहित से जुड़ा मामला बताया है।
ग्राम प्रधान शम्भू प्रसाद जायसवाल सहित ग्रामीणों के अनुसार पनेरा गांव बाढ़ प्रभावित क्षेत्र है और गांव के किसानों के करीब 250 बीघा खेत कूड़ा नदी के दूसरी तरफ स्थित हैं। इन खेतों तक पहुंचने के लिए नाव ही प्रमुख साधन है। पहले उपलब्ध नाव काफी जर्जर हो चुकी थी, जिससे ग्रामीणों और किसानों के सामने दुर्घटना का खतरा बना रहता था।

बताया गया कि वर्ष 2024 से ही ग्राम प्रधान और ग्रामीण नई नाव उपलब्ध कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन नाव उपलब्ध नहीं हो सकी। इसी बीच भाजपा युवा क्षेत्रीय नेता दीनबंधु प्रताप सिंह बघेल को ग्रामीणों की समस्या की जानकारी हुई।
उन्होंने 12 अगस्त 2026 को तहसील नौगढ़, आपदा प्रबंधन विभाग एवं संबंधित अधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर नई नाव उपलब्ध कराने की मांग की।

बघेल के अनुसार प्रार्थना पत्र पर तहसीलदार नौगढ़ द्वारा मामले की जांच कराई गई और नवीन नाव उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया। उनका दावा है कि शासन स्तर से आवश्यक स्वीकृति मिलने के बाद नई नाव प्राप्त हुई, जिसे ग्राम पनेरा के निकट कूड़ा नदी के किनारे लाकर रखा गया और ग्रामीणों के उपयोग में दे दिया गया।
नई नाव मिलने से ग्रामीणों और किसानों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि बाढ़ के दौरान आवागमन के साथ-साथ खेती-किसानी के कार्यों के लिए भी नाव बेहद जरूरी है। नई नाव मिलने से नदी के पार स्थित खेतों तक पहुंचना आसान और अपेक्षाकृत सुरक्षित हो गया है।

मुकदमे को लेकर बघेल और प्रधान ने उठाए सवाल
भाजपा युवा नेता दीनबंधु प्रताप सिंह बघेल और ग्राम प्रधान शम्भू जायसवाल का आरोप है कि नई नाव उपलब्ध होने के बाद विधायक श्यामधनी राही की ओर से उनके खिलाफ नाव चोरी का मुकदमा दर्ज कराया गया। दोनों का कहना है कि नाव प्रशासनिक प्रक्रिया और संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद उपलब्ध हुई है, इसलिए चोरी का आरोप लगना समझ से परे है।

बघेल और प्रधान ने ग्रामीणों की मौजूदगी में कूड़ा नदी के तट पर नई नाव दिखाते हुए कहा कि तहसीलदार की रिपोर्ट और शासन की स्वीकृति के बाद नाव गांव को मिली है। उनका कहना है कि नाव का इस्तेमाल पूरा गांव कर रहा है और इसका उद्देश्य ग्रामीणों एवं किसानों को राहत पहुंचाना है।
वहीं, इस पूरे मामले में विधायक श्यामधनी राही की ओर से अभी कोई विस्तृत पक्ष सामने नहीं आया है। मुकदमे में लगाए गए आरोपों और नाव की उपलब्धता से जुड़े प्रशासनिक दस्तावेजों की वास्तविक स्थिति संबंधित जांच एवं अभिलेखों से ही स्पष्ट होगी।

आज तहसील अधिकारियों के घेराव की घोषणा
बघेल और ग्राम प्रधान ने मुकदमा वापस लेने की मांग को लेकर आज दोपहर तहसीलदार नौगढ़ और एसडीएम सदर नौगढ़ का घेराव करने की बात कही है। मामले को लेकर ग्रामीणों में भी नाराजगी बताई जा रही है।
फिलहाल, इस पूरे मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि नई नाव आखिर किस प्रक्रिया के तहत गांव तक पहुंची और नाव चोरी का मुकदमा किन परिस्थितियों में दर्ज हुआ? इन सवालों का जवाब जांच और प्रशासनिक दस्तावेजों के सामने आने के बाद ही साफ हो सकेगा।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: अहमदाबाद एयरपोर्ट पर तीन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के यात्रियों से 300 ग्राम सोना जब्त

