शादी से इनकार पर दी धमकी- ‘श्रेया धरती पर रहेगी’ तो मेरी बहू बनकर, हत्या केस में पिता गिरफ्तार
Varanasi News:वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र में M.Sc छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या के मामले में पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। पुलिस ने 27 अगस्त को मुख्य आरोपी विवेक चौबे उर्फ निखिल के पिता राम सहाय चौबे को गिरफ्तार किया। उसे मुखबिर की सूचना पर जमुआ तिराहा रेलवे क्रॉसिंग के पास से पकड़ा गया।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि राम सहाय अपने बेटे विवेक की शादी श्रेया से कराना चाहता था। श्रेया के परिवार ने यह रिश्ता स्वीकार नहीं किया। इसके बाद उसकी शादी दूसरी जगह तय कर दी गई थी। आरोप है कि इससे राम सहाय नाराज हो गया था।
परिवार को दी थी धमकी
पुलिस के मुताबिक, रिश्ता ठुकराए जाने के बाद राम सहाय ने श्रेया के परिवार को धमकी दी थी। उसने कथित तौर पर कहा था, “श्रेया यदि धरती पर रहेगी तो मेरी बहू बनकर ही रहेगी।” पुलिस अब इस बयान का हत्या की साजिश से संबंध जांच रही है।
श्रेया के मामा श्रीकांत मिश्रा ने आरोप लगाया है कि विवेक को करोड़ों रुपये की जमीन का लालच भी उसके पिता ने दिया था। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
शव मिलने के बाद शुरू हुई हत्या की जांच
मरुई गांव निवासी श्रेया 18 अगस्त को लापता हुई थी। परिवार की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। 20 अगस्त को उसका शव रोहनिया के बच्छाव पश्चिमपुरा में सुनसान जगह से मिला।
इस मामले में पुनीत मिश्रा और राम सहाय गिरफ्तार हो चुके हैं। मुख्य आरोपी विवेक अभी फरार है। पुलिस वाराणसी और आसपास के जिलों में उसकी तलाश कर रही है। उसकी गिरफ्तारी से साजिश और अन्य आरोपियों की भूमिका साफ होने की उम्मीद है।

