कैंसर अस्पताल के बाद अब अनाथ आश्रम खोलेंगे खान सर, रक्षाबंधन पर किया ऐलान
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.
Trending
Khan Sir Patna News : पटना के चर्चित कोचिंग शिक्षक फैजल खान उर्फ खान सर ने रक्षाबंधन के मौके पर अनाथ आश्रम खोलने का ऐलान किया है। पटना के एसके मेमोरियल हॉल में आयोजित रक्षाबंधन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्राओं ने उन्हें राखी बांधी। इस दौरान खान सर की कलाई राखियों से भर गई।
खान सर ने कहा कि पिछले साल रक्षाबंधन के मौके पर उन्होंने कैंसर अस्पताल खोलने की घोषणा की थी। अब इस साल वह अनाथ आश्रम शुरू करने जा रहे हैं। उनका कहना है कि बच्चों के लिए पढ़ाई से लेकर रोजगार तक का पूरा इकोसिस्टम तैयार किया जा रहा है।
मीडिया से बातचीत में खान सर ने बताया कि उनका कैंसर अस्पताल बनकर तैयार हो चुका है। उन्होंने कहा कि बीच में करीब दो-तीन महीने तक कुछ परेशानियों के कारण काम प्रभावित हुआ था, लेकिन अब इसे जल्द शुरू करने की तैयारी है।
खान सर के मुताबिक, डॉक्टरों से बातचीत चल रही है और अगले दो से ढाई महीने के भीतर अस्पताल शुरू हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल में जांच और इलाज की सुविधाएं किफायती दरों पर उपलब्ध कराने की योजना है।
अनाथ आश्रम शुरू करने के फैसले को लेकर खान सर ने कहा कि उनकी खुद की कोई बहन नहीं है और उन्हें इसका अफसोस होता है। उन्होंने कहा कि जिस बच्चे का परिवार ही नहीं है, उसके दर्द को समझते हुए ऐसे बच्चों के लिए आश्रम शुरू करने का फैसला लिया गया है।
खान सर ने बताया कि आश्रम में रहने वाले बच्चों के लिए पढ़ाई से लेकर आगे के करियर तक की व्यवस्था करने की कोशिश की जाएगी। अगर कोई बच्चा प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करना चाहता है तो वह कर सकेगा। डॉक्टर या नर्स बनने की इच्छा रखने वाले बच्चों के लिए उनके अस्पताल में प्रशिक्षण और आगे काम करने के अवसर की व्यवस्था करने की बात भी उन्होंने कही।
उन्होंने दावा किया कि अनाथ आश्रम के बच्चे दूसरे कोचिंग छात्रों के साथ भी घुल-मिलकर रहेंगे और उन्हें बेहतर माहौल देने की कोशिश की जाएगी।
खान सर ने यह भी कहा कि उनके अस्पताल में ब्लड जांच 7 रुपये, ईसीजी 25 रुपये और एक्सरे 35 रुपये में उपलब्ध कराने की योजना है। उनका लक्ष्य गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए पटना में ऐसे पांच अस्पताल बनाने का है।
Get real time updates directly on you device, subscribe now.