Lucknow News: रक्षाबंधन पर मौसी के घर गईं BJP मंडल मंत्री, पीछे से घर में घुसे चोर, लाखों की चोरी
Lucknow News: लखनऊ के मोहनलालगंज में रक्षाबंधन के दिन चोरी की वारदात सामने आई है। भाजपा मंडल मंत्री विमलेश शर्मा के बंद मकान में चोरों ने धावा बोल दिया। वह 28 अगस्त को रक्षाबंधन मनाने अपनी मौसी के घर गई थीं। इसी दौरान चोरों ने घर का मेन गेट और कमरे का दरवाजा तोड़ दिया।
विमलेश शर्मा ने 29 अगस्त को मोहनलालगंज कोतवाली में तहरीर दी। इसमें बताया कि चोरों ने बक्से का ताला तोड़कर मां की पेंशन के 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए।
अलमारी से सोने-चांदी के जेवर भी ले गए
चोरों ने घर की अलमारी का ताला भी तोड़ दिया। इसमें रखे सोने और चांदी के कई आभूषण गायब मिले। चोरी हुए सामान में सोने का हार, झुमकी, चेन, तीन अंगूठियां, नाक की बेसर, मांग टीका, मंगलसूत्र और सोने का लॉकेट शामिल हैं।
इसके अलावा चांदी की पायल, पाजेब, चेन और दूसरे आभूषण भी चोरी होने की जानकारी दी गई है। हालांकि, चोरी हुए सभी सामान की कुल कीमत अभी सामने नहीं आई है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सुराग
सुबह पड़ोसी ने विमलेश शर्मा को घर में चोरी की जानकारी दी। वह तुरंत घर पहुंचीं और पुलिस को सूचना दी। मामले की जानकारी भाजपा नेताओं को भी दी गई।
सूचना पर पुलिस के साथ फॉरेंसिक टीम, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और डॉग स्क्वॉयड मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस जांच के साथ चोरों की तलाश में जुटी है।

