बच्चों के सामने गला घोंटकर पत्नी की हत्या, फिर शव फंदे पर लटकाकर रची आत्महत्या की कहानी

Moradabad News: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मैनाठेर थाना क्षेत्र के तहारपुर गांव में 25 वर्षीय हुमा की मौत हो गई। आरोप है कि उसके पति फाजिल ने पारिवारिक विवाद के बाद उसकी हत्या कर दी। फाजिल ट्रक चालक है।

परिजनों के मुताबिक, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से तनाव था। फाजिल हुमा पर शक करता था और मारपीट भी करता था। घटना वाली रात हुमा के बिना बताए घर से बाहर जाने को लेकर दोनों में विवाद हुआ। आरोप है कि अगले दिन फाजिल ने उसकी लाठी-डंडों से पिटाई की। इसके बाद दुपट्टे से गला घोंट दिया।

बच्चों के सामने हत्या, फिर रची आत्महत्या की कहानी

बताया गया कि वारदात के समय दंपति के तीनों बच्चे वहां मौजूद थे। उन्होंने मां को बचाने की गुहार लगाई, लेकिन आरोपी नहीं रुका। आरोप है कि हत्या के बाद शव को फंदे से लटका दिया गया, ताकि मामला आत्महत्या का लगे। बच्चों को भी किसी को कुछ बताने से धमकाया गया।

इसके बाद फाजिल खुद थाने पहुंचा और पत्नी के आत्महत्या करने की बात कही। हालांकि, मौके पर पहुंचे मायके वालों ने हुमा के शरीर पर चोट के निशान देखे।

पोस्टमार्टम से खुला राज

पोस्टमार्टम में गला घोंटने से मौत की पुष्टि हुई। शरीर और चेहरे पर चोट के निशान भी मिले। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी।

हुमा के पिता इब्ने हसन की तहरीर पर फाजिल, ससुर साजिद, सास रेहाना और देवर जिलानी व रब्बानी समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। एसपी देहात के निर्देशन में नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.