आजम खान के समर्थन में दिल्ली में प्रदर्शन, जंतर-मंतर पर 3 घंटे धरना देंगे समर्थक

Azam Khan: जेल में बंद सपा नेता आजम खान और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम के समर्थन में दिल्ली में प्रदर्शन की तैयारी है। समर्थकों ने 30 अगस्त को जंतर-मंतर पर तीन घंटे के सांकेतिक धरने का ऐलान किया है। सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट के मुताबिक, प्रदर्शन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक होगा।

‘आजम खान अनऑफिशियल’ और ‘अब्दुल्ला आजम फैन्स पेज’ समेत कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स से लोगों से दिल्ली पहुंचने की अपील की गई है। पूर्व सपा विधायक अरशद खान से जुड़े हैंडल्स पर भी प्रदर्शन से संबंधित पोस्ट साझा की गई हैं।

इंसाफ और लोकतांत्रिक मूल्यों की आवाज’

पोस्ट में कहा गया है कि प्रदर्शन किसी टकराव के लिए नहीं है। इसे इंसाफ, शिक्षा, लोकतांत्रिक मूल्यों और अधिकारों की आवाज मजबूत करने के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने की बात कही गई है।

यह आंदोलन रामपुर की मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर चल रहे विवाद के बीच हो रहा है। हाल ही में रामपुर विकास प्राधिकरण (RDA) ने यूनिवर्सिटी में बिना नक्शा पास कराए बनी 38 इमारतों को गिराने का आदेश दिया था। बाद में मंडलायुक्त ने इस आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी। हालांकि, समर्थक अभी भी कार्रवाई का विरोध कर रहे हैं।

आजम खान और अब्दुल्ला जेल में

आजम खान और अब्दुल्ला आजम दो जन्म प्रमाण पत्र और दो पैन कार्ड से जुड़े मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद सजा काट रहे हैं। अब्दुल्ला को गलत दस्तावेजों के आधार पर कम उम्र में स्वार सीट से चुनाव लड़ने के मामले में भी दोषी पाया गया था। दोनों के खिलाफ अन्य मामले भी चल रहे हैं।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.