लखनऊ को मिली लाला लाजपत राय फ्रेगरेंस पार्क की सौगात

Lucknow News: लखनऊ के हरित क्षेत्र में लाला लाजपत राय फ्रेंगरेंस पार्क के रूप में एक नया अध्याय जुड़ गया है। रक्षामंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने शनिवार को पार्क का उद्घाटन करके इसे शहर वासियों को समर्पित किया। उन्होंने पार्क में स्थापित लाला लाजपत राय तथा शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों को इनसे राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा व ऊर्जा मिलेगी। इस दौरान उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा 43.13 करोड़ रूपये की लागत से शहर में किये जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।

चौक के लाजपत नगर में रूमी दरवाजे के पास जहां कभी कूड़े का ढ़ेर था, वहां लखनऊ विकास प्राधिकरण ने यह फ्रेगरेंस पार्क विकसित किया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि लगभग 05 करोड़ रूपये की लागत से 2.20 एकड़ क्षेत्रफल में यह पार्क विकसित किया गया है। पार्क के नाम के अनुरूप यहां एनबीआरआई के सहयोग से विभिन्न प्रकार के सुगंधित पौधे लगाये गये हैं, जोकि पर्यटकों को काफी आकर्षित करेंगे। नागरिकों की सुविधा एवं मनोरंजन के लिए पार्क में एक ओपन एयर थियेटर का निर्माण कराया गया है। साथ ही खाने-पीने के लिए कैफेटेरिया की भी सुविधा दी गयी है।

लखनऊ को मिली लाला लाजपत राय फ्रेगरेंस पार्क की सौगात

उपाध्यक्ष ने बताया कि पार्क में लगे सभी पौधों के पास उनके नाम व प्रजाति की पट्टिका लगायी गयी है, जिससे कि लोग आसानी से इन सुगंधित एवं औषधीय पौधों का विवरण देख सकेंगे। इसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए पार्क में एक इंटरप्रिटेशन सेंटर व फ्लावर बुके पार्लर भी बनाया गया है, जहां लोग पौधों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ ही मनपसंद पौधा/फूल खरीद सकेंगे। लोग पूरे पार्क में आसानी से चहलकदमी कर सकें, इसके लिए चारों ओर रेड सैंड स्टोन पाथ-वे निर्मित किया गया है। पार्क में विकसित स्कीनवॉल के सम्मुख स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय एवं शहीद भगत सिंह की प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पार्क में चंदन का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शहर केवल चौड़ी सड़कों, मॉल और बड़ी-बड़ी इमारतों से नहीं बनता। शहर तभी सही मायने में आधुनिक कहलाता है, जब वहां पर्याप्त खुले स्थान, पार्क, खेल के मैदान और हरियाली हो। पार्क लोगों को सुकून देने के साथ समाज को जोड़ने का भी काम करते हैं। यहां बच्चे खेलते हैं, बुजुर्ग अपने अनुभव साझा करते हैं और लोग आपस में संवाद करते हैं। इसलिए पार्क किसी भी शहर के सामाजिक बुनियादी ढांचे का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

लखनऊ को मिली लाला लाजपत राय फ्रेगरेंस पार्क की सौगात

उन्होंने कहा कि लाला लाजपत राय देशवासियों में स्वाभिमान और राष्ट्रवाद की चेतना जगाने वाले महान देशभक्त थे। वहीं भगत सिंह युवा भारत की ऊर्जा, साहस और क्रांतिकारी चेतना के प्रतीक थे। दोनों पीढ़ियों का संगम राष्ट्र निर्माण का संदेश देता है। एक ओर अनुभव और मार्गदर्शन है तो दूसरी ओर युवाओं की ऊर्जा और जोश। देश को आगे बढ़ाने के लिए दोनों जरूरी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि लाला लाजपत राय के नाम पर बना यह पार्क लखनऊ की सुंदरता में नया आयाम जोड़ने के साथ बच्चों और युवाओं को राष्ट्रभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देगा। कार्यक्रम के अंत में रक्षामंत्री ने इस खूबसूरत पार्क को आकार देने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण की सराहना की।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, सांसद बृजलाल, सांसद संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक डॉ. नीरज बोरा, विधायक ओपी श्रीवास्तव, विधायक योगेश शुक्ला समेत अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Also Read: मन की बात में की PM स्वनिधि की तारीफ, प्रधानमंत्री बोले- 35 लाख महिलाएं बन रहीं आत्मनिर्भर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.