सिंगर अंकित बालियान मर्डर केस में बड़ा एक्शन, शामली एनकाउंटर में 2 शूटर ढेर
Ankit Baliyan Murder Case: हरियाणवी सिंगर और यूट्यूबर अंकित बालियान की हत्या के मामले में यूपी पुलिस और एसटीएफ को बड़ी कामयाबी मिली है। शामली में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दो कथित शूटर मारे गए हैं। मृतकों की पहचान सुमित और मोहित के रूप में हुई है।
पुलिस की अब तक की जांच के मुताबिक, Ankit Baliyan की हत्या के लिए कुल चार शूटर पहुंचे थे। इनमें से दो अब एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं, जबकि बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि शूटरों के अलावा दो अन्य लोग रेकी और दूसरी मदद में शामिल थे। इस तरह हत्याकांड में अब तक कुल छह लोगों की भूमिका सामने आई है।
CCTV से हुई थी शूटरों की पहचान
अंकित बालियान की हत्या के बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली थी। इसी आधार पर वारदात में शामिल चार कथित शूटरों की पहचान की गई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी हरियाणा के हिसार और रोहतक से जुड़े हुए थे।
जांच में यह भी सामने आया कि इनमें से एक आरोपी पहले हत्या के मामले में जेल जा चुका था, जबकि बाकी आरोपियों का भी आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया था। पहचान होने के बाद हरियाणा पुलिस ने आरोपियों के घरों और रिश्तेदारों के ठिकानों पर दबिश दी थी।
मोबाइल बंद कर फरार हुए थे आरोपी
पुलिस की कार्रवाई बढ़ने के बाद आरोपियों ने अपने मोबाइल फोन बंद कर दिए और फरार हो गए। इसके बाद UP STF ने उनकी तलाश तेज कर दी थी।
जांच एजेंसियों ने अंकित बालियान की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और WhatsApp मैसेजिंग हिस्ट्री को भी खंगाला। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हत्या की साजिश के पीछे कौन लोग थे और शूटरों को किसने मदद पहुंचाई थी।
शामली में दो कथित शूटरों के एनकाउंटर के बाद अब पुलिस की नजर हत्याकांड (Ankit Baliyan Murder Case) में शामिल बाकी आरोपियों और कथित मददगारों पर है। मामले में आगे की जांच जारी है।

