कासगंज में तड़के बड़ा हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप ट्रक से भिड़ी, 3 की मौत, 23 घायल
Kasganj Road Accident: उत्तर प्रदेश के कासगंज में सुबह-सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सदर कोतवाली क्षेत्र में कांतौर गांव के पास श्रद्धालुओं से भरी मैक्स पिकअप की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 23 लोग घायल हो गए।
हादसा (Kasganj Road Accident) मोहनपुरा से पहले कांतौर गांव में शिव इंटर कॉलेज के पास हुआ। बताया जा रहा है कि राजस्थान के करौली जिले से श्रद्धालु तीर्थनगरी सोरोंजी जा रहे थे। इसी दौरान पिकअप और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
7 बच्चों समेत 23 लोग घायल
हादसे में पिकअप सवार दो पुरुष और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, वाहन में सवार सात बच्चे, आठ महिलाएं और आठ पुरुष घायल हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत-बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से कासगंज जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों का इलाज कर रही है। हादसे (Kasganj Road Accident) के बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।
Also Read: छह साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या के आरोपी का पुलिस नें किया एनकाउंटर

