एक सितंबर से जेब पर बड़ा असर, कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, दूध और कारें हुईं महंगी
Sandesh Wahak Digital Desk: 1 सितंबर 2026 से आम जनता के बजट, यात्रा और दैनिक जीवन से जुड़े कई महत्वपूर्ण नियमों और कीमतों में बदलाव लागू हो गए हैं। तेल कंपनियों द्वारा कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम बढ़ाने के साथ-साथ मुंबई में दूध की कीमतों में 9 रुपये प्रति लीटर का बड़ा इजाफा हुआ है। इसके अलावा, टाटा और हुंडई की कारें महंगी हो गई हैं तथा हवाई यात्रियों और एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए नए नियम प्रभावी हो गए हैं।
कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतें बढ़ीं
सरकारी तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में औसतन 9.50 से 11.50 रुपये तक की वृद्धि की है। दिल्ली में नई कीमत 2,747.50, मुंबई में 2,701.00 रुपये, कोलकाता में 2,884.00 और चेन्नई में 2,916.50 रुपये हो गई है। हालांकि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की दरों में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
मुंबई में दूध 9 रुपये प्रति लीटर महंगा
बॉम्बे मिल्क प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन ने थोक दूध के दामों में 9 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है, जिससे थोक दर 93 से बढ़कर 102 रुपये प्रति लीटर हो गई है। यह दर 28 फरवरी 2027 तक प्रभावी रहेगी। वहीं तमिलनाडु में आविन (Aavin) ने दूध की खरीद दर 3 बढ़ाकर 44 रुपये प्रति लीटर कर दी है।
एलपीजी e-KYC की मियाद समाप्त, अटक सकती है सब्सिडी
बायोमेट्रिक e-KYC कराने की समयसीमा 31 अगस्त को समाप्त हो चुकी है। e-KYC न कराने वाले उपभोक्ताओं की एलपीजी सब्सिडी रुक सकती है और रीफिल बुकिंग में समस्या आ सकती है। ऐसे उपभोक्ताओं को तुरंत अपनी गैस एजेंसी से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए बोर्डिंग पास स्टैम्प की अनिवार्यता खत्म
1 सितंबर से भारतीय हवाई अड्डों से विदेश जाने वाले यात्रियों के बोर्डिंग पास पर इमिग्रेशन काउंटर पर मुहर लगाने का नियम समाप्त कर दिया गया है। यात्री अब मोबाइल में डिजिटल ई-बोर्डिंग पास दिखा सकते हैं, जिससे कतारों में समय बचेगा और प्रस्थान प्रक्रिया तेज होगी।
टाटा मोटर्स और हुंडई की कारें हुईं महंगी
टाटा मोटर्स: सभी मॉडल्स और वैरिएंट्स की कीमतों में 25,000 रुपये तक का इजाफा हुआ है।
हुंडई इंडिया: एक्स-शोरूम कीमतों में 1% तक की बढ़ोतरी की गई है।
Also Read: कानपुर नगर निगम में टेंडर घोटाले की नई शिकायत, ब्लैकलिस्ट फर्म को दोगुने रेट में दिया ठेका

