‘हनुमान अंश’ का बजट कितना? लागत से 27 गुना ज्यादा कमाई, ‘टॉक्सिक’ को भी पछाड़ा
Entertainment News: इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर कम बजट की फिल्म ‘हनुमान अंश’ शानदार प्रदर्शन कर रही है।
नीम करौली बाबा की जिंदगी से प्रेरित इस डिवोशनल ड्रामा ने अपनी कमाई से सभी को चौंका दिया है।
महज करीब 2 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक अपनी लागत से करीब 27 गुना ज्यादा कारोबार कर लिया है।
‘टॉक्सिक’ से ज्यादा कमाई
सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, 31 अगस्त को फिल्म ने हिंदी भाषा में करीब 5.50 करोड़ रुपये कमाए।
इसी दिन यश की करीब 500 करोड़ रुपये के बजट वाली ‘टॉक्सिक’ ने हिंदी में लगभग 4.40 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया।
इस तरह ‘हनुमान अंश’ ने एक दिन में ‘टॉक्सिक’ से करीब 1.10 करोड़ रुपये ज्यादा कमाए।

10 लाख से शुरू हुआ सफर
रिपोर्ट्स के अनुसार, ‘हनुमान अंश’ का बजट करीब 1.75 से 2 करोड़ रुपये है। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 10 लाख रुपये की ओपनिंग की थी।
पहले 16 दिनों तक इसकी कमाई धीमी रही और कुल कलेक्शन करीब 2.48 करोड़ रुपये ही पहुंचा था।
इसके बाद फिल्म की कमाई में अचानक तेजी आई। 17वें दिन इसने 2.20 करोड़ रुपये कमाए, जबकि 24वें दिन फिल्म का एक दिन का कलेक्शन बढ़कर 12.75 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
धीरे-धीरे बढ़ी दर्शकों की पसंद ने फिल्म को बड़ी हिट में बदल दिया है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में ‘हनुमान अंश’ बॉक्स ऑफिस पर कितनी लंबी पारी खेलती है।

