हार्दिक पंड्या फिर चोटिल, टीम इंडिया में वापसी पर लगा ब्रेक, अफगानिस्तान सीरीज पर सस्पेंस
Sports News: भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या की इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी एक बार फिर मुश्किल में पड़ गई है।
BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में ट्रेनिंग के दौरान उनके पैर में हल्की चोट लगी है। इसके बाद उन्हें फिलहाल गेंदबाजी से बचने की सलाह दी गई है।
हार्दिक अफगानिस्तान के खिलाफ 13 सितंबर से दिल्ली में शुरू होने वाली तीन मैचों की T20I सीरीज से वापसी की तैयारी कर रहे थे।
हालांकि, नई चोट के कारण उनके जरूरी फिटनेस स्तर तक पहुंचने पर सवाल खड़े हो गए हैं। अंतिम फैसला CoE की मेडिकल और फिटनेस टीम की मंजूरी के बाद होगा।
लंबे समय से क्रिकेट से दूर हैं हार्दिक
हार्दिक ने 24 मई को IPL में मुंबई इंडियंस के लिए आखिरी प्रतिस्पर्धी मैच खेला था। भारत के लिए उनका आखिरी मुकाबला 8 मार्च को T20 वर्ल्ड कप फाइनल था।
इसके बाद वह अफगानिस्तान की व्हाइट-बॉल सीरीज के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरों से भी बाहर रहे।

इससे पहले भी उन्हें जांघ की मांसपेशी में हल्की चोट लगी थी। अब पैर की नई परेशानी ने उनकी वापसी की योजना को फिर प्रभावित कर दिया है।
वहीं, नीतीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर की रिकवरी अच्छी बताई जा रही है। जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता पर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है।
ऐसे में अफगानिस्तान सीरीज के लिए टीम चयन से पहले हार्दिक की फिटनेस पर सभी की नजरें रहेंगी।
Also Read: अजीत अगरकर की छुट्टी तय! BCCI के साथ होगी अहम बैठक, रोहित शर्मा विवाद बना वजह?

