Bareilly News: पुलिस मुठभेड़ में छिनैती की वारदात को अंजाम देने वाले 2 बदमाश गिरफ्तार, 1 के पैर में लगी गोली
Bareilly News: बरेली जनपद की थाना मीरगंज पुलिस ने छिनैती की घटना को अंजाम देने वाले दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया। अभियुक्तों के कब्जे से 9,500 रुपये नकद, अवैध असलाह, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
29 जुलाई 2026 को रामपुर जाटान निवासी निर्देव कुमार (पुत्र जगदीश प्रसाद) जनसेवा केंद्र से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहे थे। दुलीराम इंटर कॉलेज के पास पीछे से आए बाइक सवार दो बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका बैग छीन लिया, जिसमें नकदी थी। पीड़ित की तहरीर पर थाना मीरगंज में मुकदमा संख्या 374/2026 (धारा 304 बीएनएस) पंजीकृत कर पुलिस टीम बदमाशों की तलाश में जुटी थी।
गत रात्रि गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बलुपूरा चौराहे के पास दो संदिग्ध किसी वारदात की नीयत से खड़े हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर बदमाशों की घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों को मौके से दबोच लिया।
मुठभेड़ में रवि (उम्र 26 वर्ष) पुत्र अशोक, निवासी मोहल्ला शिवपुरी, थाना मीरगंज, बरेली (पैर में गोली लगने से घायल, जिसे इलाज हेतु अस्पताल भेजा गया)। वहीं विक्की (उम्र 19 वर्ष) पुत्र मूलचंद, निवासी मोहल्ला मालीपुरा, थाना मीरगंज, बरेली को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ के दौरान दोनों अभियुक्तों ने 29 जुलाई को दुलीराम इंटर कॉलेज के पास की गई छिनैती की घटना को स्वीकार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 9,500 रुपये नकद, तमंचा 315 बोर, 1 खोखा कारतूस, 1 जिंदा कारतूस व घटना में प्रयुक्त बाइक एवं 1 मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस द्वारा अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास और घटना में शामिल अन्य संभावित साथियों की पड़ताल की जा रही है। मुठभेड़ के संबंध में अलग से विधिक अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

