कांग्रेस में शामिल हुए आसिम वकार, बोले- असली लड़ाई राहुल गांधी लड़ रहे हैं

Sandesh Wahak Digital Desk: असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे कद्दावर नेता आसिम वकार आधिकारिक तौर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय (इंदिरा भवन) में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय, यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और कांग्रेस अल्पसंख्यक सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

बीजेपी से ओवैसी नहीं, राहुल गांधी लड़ रहे हैं

कांग्रेस का दामन थामने के बाद आसिम वकार ने AIMIM की कार्यशैली और नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, हमारी मुख्य लड़ाई देश को बचाने और भारतीय जनता पार्टी (BJP) को उखाड़ फेंकने की है। AIMIM में रहने के दौरान मुझे यह अहसास हुआ कि पार्टी बीजेपी से लड़ने की बात तो करती है, लेकिन हकीकत में वह बीजेपी से न लड़कर सिर्फ कांग्रेस पर ही हमलावर रहती है। इसलिए मैंने कांग्रेस में आने का फैसला किया। असल में देश में अगर कोई निडर होकर बीजेपी से सीधी लड़ाई लड़ रहा है, तो वे केवल राहुल गांधी हैं।

हुमायूं कबीर पर निशाना और धर्मनिरपेक्षता की प्रतिबद्धता

अपनी बात आगे रखते हुए आसिम वकार ने हुमायूं कबीर का जिक्र किया और उन पर बीजेपी का एजेंट होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद का निर्माण कराने का दावा करने के पीछे बीजेपी का हाथ है। उन्होंने एक स्टिंग ऑपरेशन का हवाला देते हुए दावा किया कि इसमें 1100 करोड़ रुपये के लेन-देन की बात सामने आई थी, जिसकी सरकार आने पर जांच कराई जानी चाहिए। वकार ने कहा, मैं किसी टिकट या पद के लालच में कांग्रेस में नहीं आया हूँ। मैंने अपने जीवन के 20 साल समाजवादी पार्टी (SP) में गुजारे हैं, और अखिलेश यादव भी इस बात की गवाही देंगे कि मैंने कभी व्यक्तिगत काम या ट्रांसफर-पोस्टिंग की बात नहीं की। मैं हमेशा सच, देश और धर्मनिरपेक्षता के साथ खड़ा रहा हूँ।

आसिम वकार का स्वागत करते हुए यूपी कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि देश में लोकतंत्र को बचाने और सभी वर्गों के अधिकारों के लिए राहुल गांधी लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उनके इसी आंदोलन और विचारों से प्रभावित होकर आसिम वकार कांग्रेस से जुड़े हैं। वहीं, यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, हम लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। आज कांग्रेस में एक बेहद मजबूत, प्रखर और वाकपटु व्यक्तित्व का आगमन हुआ है। आसिम वकार हमेशा अपनी बेबाकी से समाज को सही दिशा देने का काम करते हैं और उनकी विचारधारा पूरी तरह कांग्रेस के सिद्धांतों से मेल खाती है।

Also Read: पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल के बीच बाबर आजम को तेज बुखार, तीसरे टेस्ट पर नजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.