यूपी के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह को स्वाइन फ्लू, सरकारी आवास में आइसोलेट

Jaiveer Singh Swine Flu: उत्तर प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह स्वाइन फ्लू (H1N1) की चपेट में आ गए हैं। पिछले चार-पांच दिनों से उन्हें बुखार था। जांच के बाद उनकी रिपोर्ट H1N1 पॉजिटिव आई है। इसके बाद उन्हें लखनऊ स्थित सरकारी आवास में आइसोलेट किया गया है। उनकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

KGMU की टीम ने घर पहुंचकर की जांच

बुधवार सुबह KGMU के डॉक्टरों की टीम मंत्री के सरकारी आवास पहुंची। टीम ने उनकी जांच की और फिलहाल घर पर ही इलाज कराने की सलाह दी। डॉक्टरों के मुताबिक जयवीर सिंह में हल्के लक्षण हैं और अभी चिंता की कोई बात नहीं है।

KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंत्री को घर में आइसोलेट किया गया है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। परिवार के सदस्यों और निजी स्टाफ की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है। सभी के सैंपल जांच के लिए लिए जा रहे हैं। मंत्री ने मंगलवार सुबह KGMU की पैथोलॉजी में स्वाइन फ्लू की जांच के लिए सैंपल दिया था।

यूपी में 685 पहुंची संक्रमितों की संख्या

उत्तर प्रदेश में H1N1 के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। 27 अगस्त तक राज्य में 551 मरीज थे, जो 1 सितंबर तक बढ़कर 685 हो गए। यानी चार दिनों में 134 नए मामले सामने आए।

मंगलवार को फिरोजाबाद और बदायूं में एक-एक मरीज की मौत की सूचना मिली। फिरोजाबाद में 69 वर्षीय व्यापारी और बदायूं के बिल्सी में 73 वर्षीय महिला की मौत हुई। दोनों मौतों में स्वाइन फ्लू की भूमिका स्पष्ट नहीं है, क्योंकि अन्य गंभीर बीमारियों की स्थिति भी सामने आई है। इटावा में दो नाबालिगों में भी संक्रमण मिला है। विशेषज्ञों के मुताबिक ज्यादातर मरीज सामान्य इलाज से ठीक हो रहे हैं और ICU की जरूरत नहीं पड़ रही है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.