लखनऊ में बारिश के बीच डिप्टी CM आवास पहुंचे अभ्यर्थी, 3284 पदों पर भर्ती की मांग

Junior Assistant Recruitment: लखनऊ में बुधवार को तेज बारिश के बीच जूनियर असिस्टेंट भर्ती के अभ्यर्थी डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आवास पहुंच गए। सैकड़ों अभ्यर्थियों ने 3284 पदों पर भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी करने और रिजल्ट जारी करने की मांग की। बारिश में भीगने के बावजूद अभ्यर्थी अपनी मांग पर डटे रहे और भर्ती में देरी के खिलाफ नारेबाजी की।

अभ्यर्थियों के प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर डिप्टी सीएम ने उनसे मुलाकात की। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा कराने का भरोसा दिया। इसके साथ ही अभ्यर्थियों की आयोग के अध्यक्ष से फोन पर बातचीत भी कराई गई।

PET-2023 के आधार पर होनी है भर्ती

अभ्यर्थियों के मुताबिक जूनियर असिस्टेंट के 3284 पदों पर भर्ती PET-2023 के आधार पर होनी है। प्रक्रिया लंबे समय से आगे नहीं बढ़ने से हजारों उम्मीदवार परेशान हैं। उनका कहना है कि देरी के कारण उनकी तैयारी और भविष्य दोनों प्रभावित हो रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने हाथों में पोस्टर लेकर नारे लगाए। उन्होंने मांग की कि पहले भर्ती का रिजल्ट जारी किया जाए और इसके बाद टाइपिंग परीक्षा की प्रक्रिया शुरू कराई जाए।

‘अब आश्वासन नहीं, रिजल्ट चाहिए’

अभ्यर्थियों ने आयोग के अध्यक्ष के सामने भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को और लंबा खींचने से उनकी परेशानी बढ़ रही है। उनकी मांग है कि सरकार जल्द रिजल्ट जारी कर टाइपिंग परीक्षा की तारीख घोषित करे।

अभ्यर्थियों ने चुनाव से पहले भर्ती पूरी कराने की मांग भी रखी। डिप्टी सीएम के आश्वासन के बाद उन्हें प्रक्रिया में तेजी आने की उम्मीद है। हालांकि, उनका कहना है कि अब उन्हें केवल आश्वासन नहीं, बल्कि रिजल्ट और टाइपिंग परीक्षा की तारीख चाहिए।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.