उत्तर प्रदेश में जर्मनी के निवेश और व्यापार को मिलेगा नया विस्तार: केशव मौर्य
Lucknow News: उत्तर प्रदेश में निवेश, रोजगार सृजन और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल हुई। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से बुधवार को 7, कालिदास मार्ग, लखनऊ स्थित उनके आवास पर जर्मनी के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस अवसर पर मौर्य ने इनोवेशन हब राइनमेन के कार्यकारी अधिकारी स्टीफ़न विटेनकिंड, गीबा के चेयरमैन सेल्वाकुमार पेरियासामी तथा गीबा के सीईओ निर्मल रमन कन्नैया का पुष्पगुच्छ एवं तथागत गौतम बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया। बैठक में इन्वेस्ट यूपी, ओडीओपी के उच्च अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही स्टीफ़न विटेनकिंड ने उप मुख्यमंत्री को अपने देश का प्रतीक चिन्ह भेंट किया।
बैठक में उत्तर प्रदेश में जर्मनी की कंपनियों द्वारा उद्योग एवं व्यवसाय स्थापित करने, निवेश की संभावनाओं तथा दोनों देशों के बीच आयात-निर्यात को बढ़ावा देने सहित विभिन्न विषयों के साथ ही खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित गुणवत्तापूर्ण उत्पादों को जर्मनी के बाजार में पहुंचाने पर भी सकारात्मक चर्चा हुई। जर्मन प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को जर्मनी आने का आमंत्रण दिया, दोनों पक्षों ने उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ने और व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ने पर सहमति व्यक्त की।

केशव प्रसाद मौर्य ने जर्मनी की कंपनियों को उत्तर प्रदेश में निवेश एवं उद्योग स्थापित करने के लिए आमंत्रित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार निवेशकों को सुविधा, सुरक्षा, बेहतर कनेक्टिविटी एवं आवश्यक यातायात सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्तर प्रदेश में निवेश का अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है और सरकार उद्योगों को हरसंभव सहयोग प्रदान कर रही है।
मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत के यूरोपीय देशों के साथ मजबूत होते व्यापारिक संबंधों से भारतीय कंपनियों के लिए विदेशों में व्यापार के नए अवसर खुले हैं। अब विदेशों में भी मेड इन इंडिया और उत्तर प्रदेश में निर्मित उत्पादों के लिए बाजार तैयार हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण एवं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं के उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार मिलने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला सशक्तिकरण और रोजगार को नई गति मिलेगी।
Also Read: अदालत से हक मिलने के बाद बेटियों संग संपत्ति पर कानूनी कब्जा हासिल करने डालीबाग पहुंचे अफजाल अंसारी

