Bareilly News: परामर्श केंद्र की पहल से मतभेद भूल फिर एक हुए दो परिवार

Bareilly News: उत्तर प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी योजना मिशन शक्ति चरण 6.0 के तहत बुधवार को कोतवाली आंवला परिसर स्थित पुलिस पारिवारिक परामर्श एवं मध्यस्थता केंद्र में बिखर रहे दो परिवारों के बीच सुलह-समझौता कराया गया। केंद्र के परामर्शदाताओं की समझाइश और सार्थक काउंसलिंग के बाद दंपतियों ने अपने आपसी मतभेद, मनमुटाव और शिकायतें भुलाकर एक साथ पुन: नया जीवन शुरू करने पर सहमति व्यक्त की।

पति-पत्नी ने आपसी सहमति से दूर की दूरियां

काउंसलिंग के दौरान दो अलग-अलग मामलों में सकारात्मक परिणाम देखने को मिले। पहला मामला मोहल्ला बस अड्डा अलीगंज (आंवला) निवासी अख्तर की पुत्री शन्नो से संबंधित था, जबकि दूसरा मामला देवकोला थाना आंवला निवासी कालीचरण (कल्लू) की पुत्री सोनी का था। दोनों ही जोड़ों को मध्यस्थता केंद्र के सदस्यों ने बारीकी से समझाया, जिसके बाद वे पुरानी कड़वाहट भूलकर खुशी-खुशी एक साथ रहने को राजी हो गए। वहीं, तीन अन्य मामलों में सहमति न बन पाने के कारण उन्हें नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई के लिए प्रेषित कर दिया गया।

परामर्श केंद्र की पहल से मतभेद भूल फिर एक हुए दो परिवार

अब तक 183 बिखरे परिवारों को मिल चुकी है नई जिंदगी

पुलिस पारिवारिक परामर्श एवं मध्यस्थता केंद्र (कोतवाली आंवला) के अध्यक्ष जय गोविंद सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि केंद्र का उद्देश्य मुकदमों के बजाय आपसी बातचीत से परिवारों को टूटने से बचाना है। उन्होंने बताया कि केंद्र के प्रयासों से अब तक कुल 183 पारिवारिक विवादों को सफलतापूर्वक सुलझाकर बिखरे हुए परिवारों का पुनर्मिलन कराया जा चुका है।

इस सफल काउंसलिंग प्रक्रिया में अध्यक्ष जय गोविंद सिंह के साथ परामर्शदाता रमाकांत तिवारी, रामदीन सागर, योगेश माहेश्वरी, शोखी अग्रवाल, सीमा रजा, रजिया सुल्तान, महिला उप-निरीक्षक (SI) अंजू कुमारी तथा महिला मुख्य आरक्षी किरण मणि का सराहनीय एवं विशेष योगदान रहा।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: उत्तर प्रदेश में जर्मनी के निवेश और व्यापार को मिलेगा नया विस्तार: केशव मौर्य

Get real time updates directly on you device, subscribe now.