कानपुर में BSF HCM परीक्षा रद्द, तकनीकी दिक्कत पर अभ्यर्थियों का हंगामा, अब 18 सितंबर को एग्जाम
Kanpur News: कानपुर में बुधवार को BSF हेड कांस्टेबल मिनिस्ट्रियल (HCM) परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों ने जमकर हंगामा किया। मामला चकेरी के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र का है। अभ्यर्थियों का आरोप था कि ऑनलाइन परीक्षा के दौरान कंप्यूटर बार-बार बंद और हैंग हो रहे थे। कई जगह माउस और कीबोर्ड ने भी काम करना बंद कर दिया। इससे उन्हें सवाल हल करने में परेशानी हुई।
तीनों शिफ्ट की परीक्षा हुई रद्द
एमडी इन्फोटेक केंद्र पर BSF HCM परीक्षा तीन शिफ्ट में आयोजित की गई थी। तकनीकी दिक्कतों के बाद अभ्यर्थियों का गुस्सा बढ़ गया और उन्होंने केंद्र के बाहर विरोध शुरू कर दिया। उनका कहना था कि परीक्षा के समय ऐसी परेशानी से उनकी मेहनत प्रभावित हो सकती है। अभ्यर्थियों ने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।
हंगामे की जानकारी मिलने पर चकेरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने अभ्यर्थियों को समझाकर स्थिति संभाली। कुछ देर तक परीक्षा केंद्र के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में इस केंद्र की 2 सितंबर को हुई तीनों शिफ्ट की परीक्षा निरस्त करने का फैसला लिया गया।
BSF ने बताई पावर फेल्योर की वजह
BSF की ओर से जारी नोटिस के मुताबिक परीक्षा के दौरान केंद्र पर अचानक पावर फेल्योर हो गया था। इससे परीक्षा प्रभावित हुई। अभ्यर्थियों के हित को देखते हुए तीनों शिफ्ट की परीक्षा अब 18 सितंबर को दोबारा कराई जाएगी।
BSF ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे आगे की जानकारी के लिए उसकी आधिकारिक वेबसाइट और अपने रजिस्टर्ड ईमेल को नियमित रूप से चेक करते रहें। विभाग ने हुई परेशानी के लिए अभ्यर्थियों से खेद भी जताया है।
Also Read: लखनऊ में नाबालिग भाई ने कराई सतीश यादव की हत्या, सोते समय चाकू-सरिया से किया हमला

