CM योगी का आउटसोर्स कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, 40 लाख तक बीमा समेत किए कई ऐलान

UP News: उत्तर प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए बुधवार को बड़ा ऐलान किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम का शुभारंभ किया। इस दौरान यूपीकॉस के पोर्टल और वेबसाइट को लॉन्च किया गया और निगम के लोगो का अनावरण भी हुआ। सीएम ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के साथ हुए MOU का जिक्र करते हुए कर्मचारियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी।

खाते में सीधे पहुंचेगा मानदेय

नई व्यवस्था में आउटसोर्स कर्मचारियों का मानदेय सीधे उनके बैंक खाते में जाएगा। कर्मचारियों के जीरो बैलेंस खाते खोले जाएंगे। दुर्घटना, घटना या आपदा की स्थिति में परिवार को श्रेणी के अनुसार 20 से 40 लाख रुपये तक का बीमा कवर मिलेगा। अग्निकांड में 10 लाख, आकस्मिक दवा के लिए 5 लाख और आपात स्थिति में एयर एंबुलेंस के लिए 10 लाख रुपये तक की सुविधा होगी।

बेटे की शिक्षा के लिए 8 लाख और बेटी की शिक्षा के लिए 10 लाख रुपये तक सहायता मिलेगी। दो बेटियों की शादी के लिए 8 से 10 लाख रुपये तक मदद का प्रावधान है। कर्मचारी की मृत्यु पर परिवार को बैंक के जरिए तत्काल 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। खाते के माध्यम से परिवार के चार सदस्यों को विशेष सुविधाएं मिलेंगी।

20 लाख लोगों को सुरक्षा कवर

सीएम योगी ने कहा कि सरकार करीब 20 लाख लोगों को सुरक्षा कवर देने की तैयारी में है। उन्होंने बताया कि 3.5 लाख से ज्यादा आउटसोर्स कर्मचारियों और उनके परिवारों समेत 17 से 20 लाख लोगों को लाभ मिलेगा। निगम के जरिए सरकारी विभाग, एजेंसी और कर्मचारी तकनीक आधारित व्यवस्था से जुड़ेंगे।

तीन खेमों वाली व्यवस्था बदलेगी

सीएम ने कहा कि पहले कर्मचारी, एजेंसी और सरकारी विभाग अलग-अलग खेमों में थे। कर्मचारियों को वेतन, PF और सेवा सुरक्षा जैसी समस्याओं के लिए कई जगह जाना पड़ता था। अब समय पर वेतन, भविष्य निधि, बीमा और मेहनत के अनुसार मानदेय सुनिश्चित करने की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि सरकार और कर्मचारी का रिश्ता सिर्फ वेतन का नहीं, बल्कि विश्वास और जिम्मेदारी का है।

Also Read: आउटसोर्स कर्मियों के अधिकार और हितों की रक्षा के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध: सांसद 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.