Bareilly News: मुठभेड़ में गोवध मामले में वांछित के पैर में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Bareilly News: बरेली जनपद के थाना कैंट क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त पर निकली पुलिस टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। नकटिया नदी के पास मिले गौवंशीय अवशेष मामले में काफी समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त छोटा उर्फ राशिद को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, बिना नंबर की स्कूटी, मोबाइल और पशु वध के उपकरण बरामद हुए हैं।

गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे की है। थाना कैंट पुलिस गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गोवध के मुकदमे में वांछित एक शातिर बदमाश कठपुला पुल से होकर निकलने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और कठपुला पुल की तरफ घेराबंदी शुरू कर दी। इसी दौरान कृष्णा कॉलोनी की ओर से एक स्कूटी सवार आता दिखाई दिया। पुलिस को सामने देख उसने भागने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में गड्ढा और फिसलन होने के कारण उसकी स्कूटी अनियंत्रित होकर कठपुला पुल के पास गिर गई।

खुद को चारों तरफ से पुलिस से घिरा पाकर अभियुक्त ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी और मैदान की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में जा लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दबोच लिया। घायल अवस्था में उसे तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मुठभेड़ में गौवध मामले में वांछित के पैर में लगी गोली

घायल बदमाश की पहचान छोटा उर्फ राशिद (उम्र करीब 30 वर्ष) पुत्र इब्राहिम के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम मीरपुर वाहनपुर (थाना बीसलपुर, जनपद पीलीभीत) का निवासी है और हाल में ग्राम फरीदापुर चौधरी (थाना इज्जतनगर, बरेली) में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध तमंचा 315 बोर, 3 खोखा कारतूस 315 बोर, बिना नंबर प्लेट की स्कूटी, एक मोबाइल फोन और पशु वध में इस्तेमाल होने वाली 2 छूरी बरामद किया है।

उल्लेखनीय है कि 23 अगस्त 2026 को नकटिया नदी के पुल के पास हाईवे किनारे झाड़ियों में एक कट्टे में गौवंशीय अवशेष मिले थे। इस घटना के बाद थाना कैंट पर एफआईआर संख्या 413/2026 धारा 3/5A/8 सीएस एक्ट के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 30 अगस्त 2026 को इस मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों पैकर इल्मास वारसी खान और नन्हे बाबू उर्फ अतीक खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। छोटा उर्फ राशिद इस मामले का तीसरा मुख्य आरोपी था, जो घटना के बाद से फरार चल रहा था।

रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया

Also Read: ‘मिर्जापुर: द मूवी’ की एडवांस बुकिंग में भौकाल, 1.34 लाख टिकट बिके, कमाई करोड़ों में

Get real time updates directly on you device, subscribe now.