Bareilly News: छात्रा शिखा गंगवार ने ताइक्वांडो में जीता राष्ट्रीय कांस्य पदक, एसडीएम सदर ने किया सम्मानित
Bareilly News: बरेली के बिथरी चैनपुर स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की प्रतिभावान छात्रा शिखा गंगवार ने खेल जगत में जिले का मान बढ़ाया है। ताइक्वांडो की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक (ब्रांज मेडल) जीतकर लौटीं शिखा गंगवार को आज जॉइंट मजिस्ट्रेट/उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर, बरेली द्वारा विशेष रूप से सम्मानित और अभिनंदित किया गया।
लुधियाना नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन
शिखा गंगवार ने पंजाब के लुधियाना में आयोजित राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए अपने बेहतरीन खेल कौशल और जुझारूपन का परिचय दिया। देश भर से आए खिलाड़ियों को कड़ी टक्कर देते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक हासिल किया। उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से विद्यालय परिवार और पूरे जनपद बरेली में खुशी की लहर है।

सम्मान समारोह के दौरान उपजिलाधिकारी सदर ने शिखा गंगवार को उनकी इस शानदार उपलब्धि के लिए ढेरों बधाइयां दीं। उन्होंने छात्रा का उत्साहवर्धन करते हुए कहा, खेल विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास करते हैं। शिखा की यह उपलब्धि विद्यालय की अन्य छात्राओं के लिए एक मिसाल है, जो उन्हें खेलों में आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित करेगी।
इस सम्मान समारोह के दौरान विद्यालय के शिक्षक, प्रशासनिक स्टाफ और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी उपस्थित जनों ने शिखा को मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य तथा आगामी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतने की शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
रिपोर्ट- रंजीत बिसारिया
Also Read: फर्रुखाबाद में बाढ़ पीड़ितों से मिले CM योगी, 31 बेघर परिवारों को दिया जमीन का पट्टा

