Asian Games 2026: 35 खेलों में उतरेगा भारत, 503 खिलाड़ी और 246 सपोर्ट स्टाफ वाला दल तैयार
Sports News: जापान के आइची-नागोया में होने वाले एशियन गेम्स 2026 के लिए भारत ने अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
युवा मामले एवं खेल मंत्रालय ने 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होने वाले इस खेल महाकुंभ के लिए 758 सदस्यीय भारतीय दल को मंजूरी दी है।
इसमें 503 खिलाड़ी और 246 सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं।
भारत एशियन गेम्स के 43 में से 35 खेलों में हिस्सा लेगा। हांगझोउ एशियन गेम्स 2023 में भारत ने पहली बार 100 पदकों का आंकड़ा पार करते हुए रिकॉर्ड 107 मेडल जीते थे।
अब टीम की नजर जापान में इस प्रदर्शन को और बेहतर करने पर होगी।
503 खिलाड़ियों में 269 पुरुष और 234 महिलाएं
भारतीय दल में 269 पुरुष और 234 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। शुरुआती सूची में 492 खिलाड़ियों को मंजूरी मिली थी, लेकिन बाद में 11 और खिलाड़ियों को दल में शामिल किया गया।
इनमें एथलेटिक्स के छह, सर्फिंग के चार और मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स (MMA) का एक खिलाड़ी शामिल है।
एथलेटिक्स में प्रवीण कुमार, हरिता भद्रा, किरण पहल, आशा इलांगो, सिंधुश्री गणेशा और सान्या यादव को जगह मिली है।

MMA में वरुण सन्याल और सर्फिंग में किशोर कुमार, शिवराज बाबू, कमाली प्रकाश व शुगर शांति गायेन भारतीय दल का हिस्सा होंगे।
क्रिकेट में 50 सदस्यीय दल
क्रिकेट के पुरुष और महिला वर्ग के लिए भारत का कुल दल 50 सदस्यों का होगा, जिसमें 20 सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं।
पुरुष टीम की कोचिंग की जिम्मेदारी वीवीएस लक्ष्मण, जबकि महिला टीम की कोचिंग अमोल मजूमदार संभालेंगे।
हॉकी में भारत पुरुष और महिला टीमों के साथ कुल 54 सदस्यीय दल भेजेगा। इसमें 40 खिलाड़ी और 14 सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं। हॉकी भारत के लिए पदक की प्रमुख उम्मीदों में रहेगा।
नीरज चोपड़ा नहीं होंगे टीम का हिस्सा
भारतीय दल में सबसे बड़ा नाम जो इस बार नजर नहीं आएगा, वह स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा हैं। एंकल लिगामेंट की चोट के कारण उन्होंने एशियन गेम्स से हटने का फैसला किया है।
नीरज ने 2018 जकार्ता और 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल जीता था। ऐसे में उनका बाहर होना भारत के एथलेटिक्स अभियान के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।
भारतीय ओलंपिक संघ की ओर से 19 अधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल भी जापान जाएगा। वेटलिफ्टिंग फेडरेशन के प्रमुख सहदेव यादव को शेफ डी मिशन बनाया गया है।
वहीं, डॉ. दिनशॉ पारदीवाला को चीफ मेडिकल ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Also Read: Asian Games 2026: गौतम गंभीर नहीं जाएंगे जापान, VVS लक्ष्मण संभालेंगे टीम इंडिया की कमान

