Siddharthnagar News: महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा का प्रदर्शन, राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा

Siddharthnagar News: समाजवादी पार्टी ने महंगाई, बेरोजगारी, डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस व बिजली की बढ़ती कीमतों, खाद्य पदार्थों के दाम तथा किसानों को खाद की समस्या समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रदर्शन किया। सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव की अगुवाई में बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के समाधान और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

सपा नेताओं ने ध्वस्त कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार का मुद्दा भी उठाया। डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के पिपरा रामलाल में मदरसे और मस्जिद को गिराए जाने के मामले को लेकर भी पार्टी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए और प्रकरण की जांच कर दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।

महंगाई, बेरोजगारी और कानून व्यवस्था के मुद्दे पर सपा का प्रदर्शन

सपा जिलाध्यक्ष लालजी यादव ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने कहा कि डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस और बिजली की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता पर महंगाई का बोझ बढ़ा है। उन्होंने सरकार पर जनहित के मुद्दों पर विफल रहने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2027 का चुनाव संविधान और लोकतंत्र को बचाने का चुनाव होगा।

इस दौरान डुमरियागंज विधायक सैयदा खातून, पूर्व विधायक चौधरी अमर सिंह, सपा नेता उग्रसेन प्रताप सिंह, नगर पालिका परिषद के पूर्व चेयरमैन मोहम्मद इदरीश रायनी उर्फ़ पटवारी, रिंधु पासवान, समेत बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार कार्यक्रम में हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: मथुरा में यमुना किनारे दरोगा का मिला शव, बीच माथे में लगी थी गोली, जांच में जुटी पुलिस

Get real time updates directly on you device, subscribe now.